नयारा एनर्जी द्वारा बढाये गये इंधन के दाम
डीलर्स आक्रमक, विदर्भ के डिपो ठप करने की चेतावनी

नागपुर /दि.28- निजी क्षेत्र की अग्रणी तेल कंपनी नयारा एनर्जी लिमिटेड ने पेट्रोल के भाव में 5 रुपए और डीजल के भाव में 3 रुपए की प्रतिलीटर बढोत्तरी की है. इस मूल्यवृद्धि का ऑल इंडिया नयारा डीलर्स वेलफेयर एसो. ने कडा विरोध किया है. एसो. ने वर्धा के मुख्य सप्लाय डेपो को ठप करने की चेतावनी दी है. नागपुर में मूल्य वृद्धि के बाद कंपनी का पेट्रोल 109 रुपए 57 पैसे और डीजल 93 रुपए 87 पैसे प्रति लीटर हो गया है. दो दिन पहले यही रेट 104.57 और 90.87 रुपए थे.
एसोसिएशन के सचिव रोहित झमनानी ने मूल्य वृद्धि के निर्णय को एकतरफा और मनमाना बताया है. यह भी कहा जा रहा हैं कि, भाव बढाये जाने से सामान्य ग्राहकों में असंतोष का वातावरण है. उधर झमनानी ने कहा कि, रेट बढाने से पहले डीलर्स से कोई चर्चा कंपनी ने नहीं की. जबकि उपभोक्ताओं ने नयारा के पंपों की अनदेखी शुरु कर दी है. फलस्वरुप डीलर्स के निवेश पर बडा परिणाम हो रहा है. विदर्भ में नयारा के 300 से अधिक डीलर्स और अकेले नागपुर शहर में 52 पंप है.
विदर्भ में नयारा के पेट्रोल-डीजल सप्लाय वर्धा डिपो से होता है. कंपनी से मूल्य वृद्धि रद्द करने की मांग करते हुए डीलर्स ने आंदोलन की चेतावनी दी है. उनका कहना है कि, कामकाज बंद कर दिया जाएगा. इसी प्रकार भविष्य में ऐसा कोई भी निर्णय करते समय एसो. ने डीलर्स को भरोसे में लेना चाहिए.





