अगले 5 दिन भारी, तेज आंधी और ओलावृष्टि के साथ बारिश

मौसम विभाग ने जानकारी देने के साथ ही जारी किया अलर्ट

* किसानों को सतर्क रहने की सलाह
मुंबई/पुणे/दि.31 – राज्य में पिछले कुछ दिनों से जारी बेमौसम बारिश के बीच मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए गंभीर चेतावनी जारी की है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक और ओलावृष्टि के साथ बारिश होने की संभावना है.
पुणे स्थित मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है. मराठवाड़ा, मध्य महाराष्ट्र और विदर्भ के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अनुमान है. पिछले दो दिनों में नाशिक, धुले, जलगाव समेत कई जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है. कई जगहों पर फसलों को भारी नुकसान हुआ है और कुछ घरों को भी क्षति पहुंची है.
मौसम विभाग ने किसानों को सावधानी बरतने की सलाह दी है. विशेषज्ञों के अनुसार, कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण दोपहर के बाद रोजाना बारिश की संभावना बनी रहेगी. ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान हो सकता है, इसलिए फसल सुरक्षा के उपाय करने को कहा गया है. साथ ही बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए किसानों और ग्रामीणों से खुले मैदान या पेड़ों के नीचे खड़े न रहने की अपील की गई है. मौसम विभाग के अनुसार, 4 अप्रैल के बाद बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है, लेकिन तब तक सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है.

Back to top button