कार के लालच में तीन इंजीनियरिंग छात्रों ने भोजापुरे की हत्या की
क्राइम सीरियल देखकर सबूत मिटाए, पुलिस ने किया खुलासा

नागपुर/दि.6 – कार के लालच में सुचित उपासराव भोजापुरे (उम्र 44, निवासी बाबा त्रिमूर्ति सोसायटी, वाड़ी) की पत्थर से कुचलकर हत्या करने के बाद तीन इंजीनियरिंग छात्रों ने ‘क्राइम पेट्रोल’ देखकर उसी तरीके से उनकी नग्न लाश झाड़ियों में छिपा दी. यह चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है. आर्यन नरेश शेंडे (उम्र 22, निवासी व्यंकटेश कॉलोनी, नंदनवन) ने पुलिस को यह बात बताई. जांच में यह भी सामने आया कि इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी आर्यन ही है और उसी ने अपने दोस्तों को इस साजिश में शामिल किया.
सुचित हत्याकांड में वाड़ी पुलिस ने आर्यन, रिशांख तारेश कांबळे (उम्र 20, निवासी शिल्पा सोसायटी, बेलतरोडी) और अनुज रमेश वाघमारे (उम्र 19, निवासी हिवरीनगर) को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने तीनों को अदालत में पेश किया, जहां अदालत ने उन्हें मंगलवार, 7 अप्रैल तक पुलिस हिरासत में भेज दिया.
* क्या है मामला?
गुरुवार सुबह सुचित वर्धमाननगर के फ्लाईओवर पर अपनी कार में नशे की हालत में थे. तीनों आरोपियों ने उन्हें देखा और मदद के बहाने उनसे बात की. इसके बाद वे उन्हें पहले भिवापुर ले गए और शाम को वाड़ी पहुंचे. घर में कोई नहीं होने का फायदा उठाकर आर्यन ने हत्या की साजिश रची. सुचित की हत्या के बाद उनकी कार कुछ दिनों तक इस्तेमाल करने और बाद में बेचकर पैसे आपस में बांटने की योजना बनाई गई. इसके बाद तीनों सुचित को लावा श्मशान घाट के पास ले गए और वहां पत्थर से चेहरे पर वार कर उनकी हत्या कर दी.
* क्राइम सीरियल देखकर मिटाए सबूत
हत्या के बाद आर्यन ने सबूत मिटाने और पहचान छिपाने के लिए ‘क्राइम पेट्रोल’ और अन्य अपराध आधारित सीरियल्स देखीं. उसी के अनुसार सुचित के कपड़े उतारकर उनकी नग्न लाश झाड़ियों में छिपा दी गई. उनके कपड़े, दो मोबाइल और अन्य सामान लेकर तीनों कार सहित फरार हो गए. कार को केडीके कॉलेज परिसर में छिपाया गया. घटना सामने आने के बाद क्राइम ब्रांच पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर वाड़ी पुलिस के हवाले कर दिया. अदालत ने उन्हें मंगलवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया. इस मामले की जांच वाड़ी के प्रभारी वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक नितीन चरडे कर रहे हैं.





