राजधानी एक्सप्रेस का इंजन बीच सफर में हुआ बंद
मालगाड़ी के इंजन से खींचकर लाया

नागपुर /दि.16- बल्लारशाह से नागपुर की ओर आ रही बेंगलुरु-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस का गुमगांव के पास इंजन खराब हो जाने के कारण ट्रेन शाम पांच बजे तक नागपुर नहीं पहुंच सकी. यात्रियों को काफी परेशानी हुई. आखिरकार मालगाड़ी का इंजन लगाकर ट्रेन को नागपुर लाया गया. रेलवे प्रशासन में हड़कंप मच गया.
* गुमगांव के पास इंजन खराब
बल्लारशाह से दोपहर 12:15 बजे नागपुर के लिए रवाना हुई 22691 बेंगलुरु-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस को तय समय अनुसार दोपहर 2:55 बजे नागपुर स्टेशन पहुंचना था. लेकिन गुमगांव के पास पहुंचते ही इंजन में अचानक खराबी आ गई. इसके चलते ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया. अचानक ट्रेन रुकने से यात्रियों में शुरुआत में भ्रम की स्थिति बन गई. कुछ समय तक क्या हुआ, इसकी जानकारी न मिलने से यात्रियों की चिंता बढ़ गई थी.
* समय सारिणी बिगड़ी
इस अप्रत्याशित खराबी का सीधा असर ट्रेन के समय पर पड़ा. तय समय के अनुसार नागपुर पहुंचने वाली यह ट्रेन शाम पांच बजे तक भी स्टेशन नहीं पहुंची थी. इसके कारण दिल्ली की ओर आगे की यात्रा भी देर से शुरू हुई. राजधानी जैसी महत्वपूर्ण और समय की पाबंदी के लिए जानी जाने वाली ट्रेन के शेड्यूल में हुए इस बदलाव से अन्य ट्रेनों के समय पर भी असर पड़ने की संभावना बनी थी.