नागपुर में होटल मालिक की हत्या
सिर पर वार, हाथ पर ‘हरिओम’ टैटू

* दो दिनों से लापता होटल मालिक की बोरी में मिली बॉडी
नागपुर/दि.23 – धारदार हथियार से वार कर होटल मालिक की हत्या कर दी गई. इसके बाद उसका शव बोरी में भरकर पुल से नीचे फेंक दिया गया. यह सनसनीखेज घटना बुधवार दोपहर करीब 12.30 बजे जरीपटका पुलिस थाना क्षेत्र के नारा इलाके में सामने आई. इस घटना से पुलिस में खलबली मच गई है.
राहुल सुनील साहू (38, निवासी झिंगाबाई टाकली) मृतक का नाम है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, राहुल पहले मोबाइल शॉप चलाते थे. कुछ दिन पहले ही उन्होंने सदर के अचरज टॉवर में ‘हैप्पी स्टे’ नाम से होटल शुरू किया था. होटल व्यवसाय के साथ-साथ वे प्रॉपर्टी डीलिंग और भिशी भी चलाते थे. सोमवार शाम करीब 7.30 बजे वे कर्मचारियों को पैसे लाने की बात कहकर दोपहिया वाहन से बाहर गए थे. रात हो जाने के बाद भी वे वापस नहीं लौटे. परिजनों ने तलाश की लेकिन उनका कोई पता नहीं चला. उनका मोबाइल भी बंद था. आखिरकार परिजन जरीपटका पुलिस थाना पहुंचे. उनकी शिकायत पर पुलिस ने मंगलवार को राहुल के लापता होने की एंट्री दर्ज की.
बुधवार दोपहर नारा में नदी के पुल के नीचे बोरी में शव होने की सूचना जरीपटका पुलिस को मिली. पुलिस टीम मौके पर पहुंची. मृतक के सिर और कान के पीछे हथियार के घाव थे. हाथ पर ‘हरिओम’ लिखा हुआ था. इसी आधार पर राहुल की पहचान हुई. पुलिस ने पंचनामा कर शव को अस्पताल भेज दिया. पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो सोमवार आधी रात एक कार पुल पर रुकती दिखाई दी. कार से दो से तीन लोग उतरे और उन्होंने राहुल का शव बोरी सहित पुल से नीचे फेंक दिया, ऐसा फुटेज में दिख रहा है. सीसीटीवी के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है. आर्थिक लेनदेन के कारण राहुल की हत्या किए जाने का संदेह पुलिस को है. पुलिस ने उसी दिशा में जांच शुरू कर दी है.





