शशिकांत मुणोत के संग्रह में महाराष्ट्र स्थापना का दुर्लभ सिक्का
सिक्का राज्य के गौरव और छत्रपति शिवाजी महाराज की समृद्ध परंपरा का प्रस्तुत करता है संगम

पुणे/दि.2– महाराष्ट्र राज्य की स्थापना के अवसर पर 1 मई 1960 को राज्य सरकार द्वारा जारी किया गया एक दुर्लभ और स्मारक सिक्का पुणे के शशिकांत मुणोत के निजी संग्रह में सुरक्षित रखा गया है.
इस सिक्के के एक पक्ष पर सुंदर समई (दीपस्तंभ) का चित्रांकन किया गया है, जिसमें सात ज्योतियां प्रज्वलित दिखाई गई हैं. समई के दोनों ओर कमल की आकृतियां उकेरी गई हैं. साथ ही समई के पास छत्रपति शिवाजी महाराज की मुद्रा के अनुसार ‘प्रतिपच्चंद्र लेखेव वर्धिष्णू विश्ववंदिता महाराष्ट्र स्वराज्यस्य मुद्रा भद्राय राजते’ यह शिलालेख अंकित है. सिक्के के दूसरे पक्ष पर कमल के फूल के भीतर अशोक चक्र और तीन सिंहों वाला राष्ट्रीय चिन्ह दर्शाया गया है. इसके चारों ओर गोलाकार अक्षरों में ‘महाराष्ट्र राज्य स्थापना वैशाख 11-1882 (भारतीय पंचांग) 1 मई 1960 (अंतरराष्ट्रीय दिनांक)’ लिखा गया है.
महाराष्ट्र राज्य के स्थापना दिवस पर जारी किया गया यह सिक्का राज्य के गौरव, छत्रपति शिवाजी महाराज की समृद्ध परंपरा और भारत के राष्ट्रीय प्रतीकों का सुंदर संगम प्रस्तुत करता है. वर्तमान समय में ऐसे सिक्के अत्यंत दुर्लभ माने जाते हैं. यह विशेष सिक्का शशिकांत मुणोत के संग्रह में सुरक्षित है और इतिहास प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है.




