4 दिनों में करीब 2 लाख मुर्गियाँ मारी गईं

बर्ड फ्लू का हाहाकार

* लाखों अंडे भी नष्ट, आंकड़ा सामने
नंदुरबार/दि.5 – राज्य के नंदुरबार जिले में बर्ड फ्लू ने हाहाकार मचा दिया है. नंदुरबार जिले के नवापुर में कई पोल्ट्री फार्मों में मुर्गियों में बर्ड फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई है. इससे हड़कंप मच गया है और जिन पोल्ट्री फार्मों में संक्रमण पाया गया है, वहां सभी मुर्गियों को मारने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है. साथ ही अंडों को भी नष्ट किया जा रहा है. इस क्षेत्र के लोगों को चिकन और अंडे खाने से मना किया गया है और स्वास्थ्य की सावधानी बरतने की अपील की गई है.
नवापुर क्षेत्र में बर्ड फ्लू को देखते हुए प्रशासन ने बड़ी और सख्त कार्रवाई शुरू की है. पिछले चार दिनों में 8 पोल्ट्री फार्मों के कुल 1 लाख 93 हजार 667 पक्षियों को नष्ट किया गया है. इसके साथ ही 8 लाख से अधिक अंडे नष्ट किए गए हैं और लगभग 21.22 मीट्रिक टन पशु आहार को जमीन में गाड़कर नष्ट किया गया है. पशुसंवर्धन विभाग के उपायुक्त डॉ. संजय खाचने ने यह जानकारी दी है. संक्रमण फैलने से रोकने के लिए प्रशासन युद्धस्तर पर उपाय कर रहा है. क्षेत्र में अलर्ट जारी किया गया है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई है.
* जिलाधिकारी द्वारा निरीक्षण
इस बीच, नंदुरबार जिले के नवापुर तालुका में बर्ड फ्लू के प्रवेश से प्रशासन सतर्क हो गया है. तीन पोल्ट्री फार्मों में बर्ड फ्लू की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद जिलाधिकारी डॉ. मिताली सेठी ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया. इस पृष्ठभूमि में बड़े पैमाने पर किलिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है, जिसके लिए करीब 150 कर्मचारियों की 25 टीमें तैनात की गई हैं. संक्रमण रोकने के लिए 1 किलोमीटर, 3 किलोमीटर और 5 किलोमीटर के दायरे में क्षेत्र तय कर उपाय किए जा रहे हैं. अन्य पोल्ट्री फार्मों के नमूने भोपाल की प्रयोगशाला भेजे गए हैं और उनकी रिपोर्ट का इंतजार है. बर्ड फ्लू का संक्रमण न फैले, इसके लिए प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है, ऐसा जिलाधिकारी डॉ. मिताली सेठी ने स्पष्ट किया है.
* मालेगांव सहित नासिक जिला अलर्ट
नंदुरबार जिले के नवापुर क्षेत्र में बर्ड फ्लू के प्रकोप के कारण मालेगांव सहित नासिक जिले में हड़कंप मच गया है. संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है और सभी कुक्कुटपालकों एवं पोल्ट्री फार्म संचालकों को सतर्क रहने की चेतावनी जिलाधिकारी आयुष प्रसाद ने दी है. पक्षियों की अचानक मौत, खाने-पीने में कमी, सुस्ती या अंडा उत्पादन में गिरावट होने पर तुरंत प्रशासन को सूचना देने की अपील की गई है.

Back to top button