दस्तुर नगर सीधे जुडेगा समृद्धि महामार्ग से
840 करोड की महत्वाकांक्षी योजना

* विधायक रवि राणा ने किया निरीक्षण
* अब अमरावती शहर व ग्रामीण विकास को मिलेगी नई रफ्तार
अमरावती/दि.11 – अमरावती शहर और ग्रामीण परिसर के सर्वांगिण विकास को गति देनेवाला तथा विकास की दिशा में बडी उपलब्धि साबित होनेवाला दस्तुर नगर से समृद्धि महामार्ग को जोडनेवाला 840 करोड रुपए का महत्वाकांक्षी सडक प्रकल्प अब आकार लेता दिखाई दे रहा है. इस परियोजना का विधायक रवि राणा ने संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर जाकर निरीक्षण किया.
यह प्रस्तावित मार्ग अमरावती शहर के दस्तुर नगर चौक से शुरु होकर हनुमान गढी, भानखेड, लालखेड (अंबुजा सीमेंट व अदानी प्रकल्प परिसर), मालखेड, वडगांव जीरे, मांजरी, खिरसाना, निरसाना, सावरेन, मोखड और नांदगांव खंडेश्वर जैसे महत्वपूर्ण गांवों से होते हुए सीधे समृद्धि महामार्ग से जुडनेवाला है. इस सडक के निर्माण से शहर और ग्रामीण क्षेत्र के बीच यातायात अधिक तेज और सुगम होने की उम्मीद है. साथ ही वाहनों के दबाव में भी बडी कमी आने की संभावना जताई जा रही है.
निरीक्षण के दौरान विधायक रवि राणा ने अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता को लेकर विशेष निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि, परियोजना का कार्य नियोजनबद्ध तरीके से और समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए. साथ ही स्थानीय नागरिकों की जरुरतों को ध्यान में रखते हुए सडक की रचना की जाए तथा भविष्य की यातायात व्यवस्था को देखते हुए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाए.
इस अवसर पर विधायक रवि राणा ने कहा कि, समृद्धि महामार्ग को जोडनेवाला यह रोड केवल यातायात का मार्ग नहीं, बल्कि पूरे परिसर के आर्थिक, औद्योगिक और कृषि विकास को गति देनेवाला प्रगति का महामार्ग साबित होगा. इस परियोजना से निवेश बढेगा, रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे और किसानों को अपने उत्पादों के लिए बाजार तक पहुंचने में आसानी होगी. विधायक राणा ने यह भी स्पष्ट किया कि, इस महत्वपूर्ण परियोजना को शासन स्तर पर लगातार किए गए फालोअप के कारण मंजूरी प्राप्त हुई है.
विधायक रवि राणा ने कहा कि, अमरावती का सर्वांगिण विकास करने के लिए ऐसे बडे प्रकल्प अत्यंत आवश्यक है और स्थानीय जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने के लिए यह सडक परियोजना अहम भूमिका निभाएगी. कुल मिलाकर दस्तुर नगर से समृद्धि महामार्ग को जोडनेवाला यह 840 करोड का रोड प्रोजेक्ट अमरावती के विकास को नई दिशा देनेवाला साबित होगा, ऐसी उम्मीद व्यक्त की जा रही है.





