सावधान ! 14-15 को विदर्भ में उष्ण लहर

फिर चढाई पर तापमान, अमरावती 43 पार

* पश्चिम विदर्भ में मई की हीट लौटी
अमरावती/दि.11 – पश्चिम विदर्भ में 4-6 दिनों की राहत देने के उपरांत आसमान से दोबारा तेज धूप पड रही है. मानो आग बरस रही है. मई का दूसरा सप्ताह प्रारंभ होते ही अमरावती और अकोला का पारा 43 डिग्री को पार कर गया है. ऐसे में मौसम विभाग ने 14-15 मई को विदर्भ में कडी हीट वेव की आशंका व्यक्त की है. विभाग ने लोगों को पूरी सावधानी बरतने का भी आवाहन किया है. उधर भीषण गर्मी के कारण गांवों में जहां जलसंकट तीव्र लगने लगा है. वहीं नगरों और शहरों में भी हर कोई भीषण गर्मी की उष्ण लहर से सहम उठा है. इतना ही नहीं आनेवाले दिनों में पारा चढने की आशंका ने भी सभी को चिंतित कर रखा है.
अमरावती, अकोला, बुलढाणा, वाशिम, वर्धा भयंकर लू झेल रहे हैं. पिछले दिनों थोडी राहत मिली थी जब केवल आसमान बादलों से घिर आया था. बल्कि अनेक स्थानों पर आंधी तूफान के साथ तेज व मध्यम बरसात हुई थी. अब गर्मी लौट आयी है. अपने तेवर दिखा रही है. रविवार को अमरावती का तापमान 43 डिग्री रहा. अकोला उससे भी आगे रहा. वर्धा, यवतमाल, वाशिम, बुलढाणा में तापमान कमोवेश 42-43 डिग्री दर्ज किया गया.
भरी दोपहर चौक सुनसान
भीषण हीट वेव की वजह से विदर्भ के सभी नगरों और गांवों में दोपहर का समय मार्केट और चौक सुनसान हो रहे हैं. बहुत अर्जेट होने पर ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं. इस बीच डिहाईड्रेशन अर्थात शरीर में पानी की कमी के मरीज बढ गये हैं. अमरावती में रोज लगभग 200 लोगों को अस्पताल में भर्ती करना पड रहा है. ग्लूकोज कराना पड रहा है. डॉक्टर्स ने भी भीषण गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने का आवाहन किया है. डॉक्टर्स का कहना है कि बचाव ही बडा उपाय है. अत: सूती कपडे पहनने और भरपूर पानी पीने का सुझाव चिकित्सक दे रहे हैं. बच्चों, नौनिहालों को विशेष ध्यान देने की भी सलाह चिकित्सक दे रहे हैं.
क्या कहते हैं मौसम विज्ञानी
मौसम विज्ञानी प्रा. डॉ. अनिल बंड के अनुसार कल से पारा और चढेगा. धीरे- धीरे 4-5 दिनों में पारे के अमरावती में 45 डिग्री को पार कर जाने की पूरी संभावना है. अमरावती में अप्रैल माह में 45 डिग्री पारा हो गया था. अब 14-15 मई को तीव्र उष्ण लहर की आशंका जताई बताई जा रही है. सप्ताह भर मौसम शुष्क रहने के कारण गर्मी का अहसास तेज रहेगा.
आज बूंदाबांदी हो सकती है
प्रा. बंड के अनुसार अमरावती जिले के कुछ भागों सहित पश्चिम विदर्भ में आज बूंदाबांदी या हल्की बरसात हो सकती है. इसके बाद कल से पारा लगातार 5-6 दिनों तक बढता रहेगा. अनिल बंड ने भी लोगों को सावधान किया है.                                                              विदर्भ के जिलों का तापमान
अमरावती       42.8      24.7
अकोला         43.4       25.9
बुलढाणा        41.6       26
वाशिम          39.8        24.6
वर्धा              43          25.8
यवतमाल      39.2       24.8
नागपुर         40.6       22.4
चंद्रपुर         40.4       26.4
गडचिरोली    40        25.6
गोंदिया        38.8      21.0
भंडारा         38         22

Back to top button