पालकमंत्री के निर्देश पर पुलिस कर्मी सस्पेंड

सांस्कृतिक भवन में वर्दी में नहीं आया था

अमरावती/दि.12 – पालकमंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के निर्देश पर गाडगे नगर थाने के खुफिया के कर्मचारी अशोक वाटाणे को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया. पुलिस सूत्रों ने यह जानकारी दी और बताया कि, पालकमंत्री के दौरे में सिविल ड्रेस में आने से वाटाणे को सस्पेंड किया गया है.
पुलिस सूत्रों ने बताया कि, मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले सोमवार को कुछ घंटे के अमरावती दौरे पर पधारे थे. ज्ञानेश्वर सांस्कृतिक भवन में भाजपा शहर जिलाध्यक्ष डॉ. नितिन धांडे के जन्मदिवस कार्यक्रम में सम्मिलित हुए. इस समय सादे कपडों में गाडगे नगर थाना के खुफिया कर्मचारी अशोक वाटाणे फोटो लेने और निगरानी की अपनी ड्यूटी कर रहे थे. पालकमंत्री ने उन्हें देखा, गौर किया. उन्होंने पूछताछ की. बताया गया कि, वाटाणे पुलिस कर्मचारी है. वह यूनिफार्म में क्यों नहीं है, इस सवाल का जवाब नहीं दिया जा सका. तब पालकमंत्री ने वहां मौजूद डीसीपी को वाटाणे के निलंबन के निर्देश दिए.

Back to top button