मुख्यमंत्री ‘बुलेट’ से विधानभवन पहुंचे!
पीएम मोदी का आदर्श अपनाते हुए फडणवीस ने दिया संदेश

मुंबई/दि.14 – प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने काफिले में गाड़ियों की संख्या कम कर ईंधन बचत का जो संदेश दिया था, उसे आगे बढ़ाते हुए अब राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी आज एक अलग उदाहरण पेश किया. फडणवीस ने अपने सामान्य बड़े काफिले और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था को हटाकर आज बुलेट मोटरसाइकिल से विधानभवन पहुंचे.
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस खुद बुलेट चला रहे थे, जबकि उनके पीछे की सीट पर बीजेपी मुंबई अध्यक्ष आशीष शेलार सवार थे. प्रधानमंत्री ने देश में बढ़ते ईंधन उपयोग को कम करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए नागरिकों से जहां संभव हो वहां ईंधन बचत करने की अपील की है. इस अपील के जवाब में प्रशासनिक स्तर पर और आम लोगों में जागरूकता फैलाने के लिए मुख्यमंत्री ने आज खुद बाइक चलाकर विधानभवन पहुंचने का निर्णय लिया.
विधानपरिषद के नवनिर्वाचित सदस्यों का आज विधानभवन में शपथ ग्रहण कार्यक्रम था. इसके लिए मुख्यमंत्री सरकारी निवास से बुलेट पर निकले. विधानभवन के प्रवेश द्वार पर मुख्यमंत्री के बुलेट से उतरते ही वहां मौजूद विधायकों, कर्मचारियों और मीडिया प्रतिनिधियों की भीड़ लग गई.
* विदेश दौरे बंद और काफिला आधा; मुख्यमंत्री के कड़े आदेश
मुख्यमंत्री फडणवीस ने वैश्विक ऊर्जा संकट और ईंधन बचत की पृष्ठभूमि में कल ही महत्वपूर्ण आदेश दिए थे. जिसमें मुख्यमंत्री, मंत्री और वरिष्ठ अधिकारियों के काफिले की गाड़ियों की संख्या अब सीधे आधी करने का निर्णय लिया गया है. साथ ही मंत्रियों और अधिकारियों के विदेश दौरे भी रद्द करने का निर्णय लिया गया है.
* पीएम मोदी समेत कई मंत्रियों ने भी काफिले में कटौती की
ईंधन और विदेशी मुद्रा बचत के उद्देश्य से फडणवीस ने कल दो उच्च स्तरीय बैठकें कीं. इस बैठक में राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे. इस बैठक में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तुरंत अमल के आदेश दिए. अब मंत्रालय की बैठकों के लिए अधिकारियों को जिलों से मुंबई नहीं आना पड़ेगा, बल्कि ये बैठकें वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की जाएंगी.





