मेहंदी का रंग उतरने से पहले संकेत वसू की मृत्यु
गत रविवार को ही बंधे थे परिणय सूत्र में

* अचानक हृदयाघात से संपूर्ण आसेगांव पूर्णा स्तब्ध
अमरावती/दि.16– आसेगांव पूर्णा में गत रविवार को ही मेहंदी लगाकर घोडी चढनेवाले युवक की गुरुवार शाम अचानक तबीयत बिगडी और बडी कोशिशों के बावजूद उसे न बचाया जा सका. घटना से संपूर्ण आसेगांव में शोक लहर देखी जा रही है. पूर्णा नदी के तट पर बसे आसेगांव में संकेत सुभाष वसू (28) की अकस्मात मृत्यु से हर कोई स्तब्ध और गमगीन है. चार दिन पहले ही विवाहित संकेत की मृत्यु हृदयाघात से होने का अंदाज व्यक्त किया गया.
संकेत उच्च शिक्षित था. वह आसेगांव में प्रिटींग प्रेस का धंधा करता था. उसके पिता शाला से क्लर्क के रुप में निवृत्त हुए थे. बडा भाई महावितरण में कार्यरत होने के साथ वसू परिवार आर्थिक रुप से संपन्न है. संकेत का विवाह बडी धूमधाम से गत 10 मई को चांदुर बाजार में हुआ. दूसरे दिन आसेगांव पूर्णा के मंगल कार्यालय में आशीर्वाद समारोह भी हुआ.
अभी विवाह के लिए आए सभी मेहमान लौटे भी न थे, घर और प्रतिष्ठान पर लगाई गई लायटिंग और सजावट हटाई नहीं गई थी. संकेत के हाथों में रची गई मेहंदी सूखी न थी कि, गुरुवार शाम उसकी तबीयत बिगडी. उसे लेकर सभी जिला अस्पताल दौडे. सीने में दर्द की शिकायत संकेत कर रहा था. किंतु डॉक्टर्स भी संकेत को बचा न सके. ऐसे में कहा जा रहा है कि, तीव्र हृदयाघात के कारण नवविवाहित संकेत की जान चली गई.
समस्त आसेगांव संकेत की मृत्यु से हिल उठा. हर कोई दुख व्यक्त कर रहा है. उसके विवाह में थिरकने वाले साथियों का हाल बुरा हो गया है. आज दोपहर अत्यंत शोकाकुल वातावरण में संकेत का अंतिम संस्कार किया गया. संकेत अपने पीछे माता-पिता, भाई, बहन और चार दिन पहले ही विवाहित नववधू को बिलखता छोड गया है.





