अण्णासाहेब पाटील महामंडल की ‘व्हॉट्सऐप चैटबॉट’ सेवा शुरू,
एक क्लिक पर मिलेगी आवेदन और लोन की जानकारी

अमरावती/दि.16– अण्णासाहेब पाटील आर्थिक मागास विकास महामंडल की ओर से व्यक्तिगत एवं समूह कर्ज योजनाओं के लाभार्थियों के लिए अब आधुनिक तकनीक आधारित व्हॉट्सऐप चैटबॉट सेवा शुरू की गई है. वन क्लिक इन्फॉर्मेशन संकल्पना के तहत विकसित इस सुविधा के माध्यम से लाभार्थियों को अब अपने आवेदन की स्थिति, कर्ज प्रक्रिया और अन्य महत्वपूर्ण जानकारी सीधे व्हॉट्सऐप पर तुरंत उपलब्ध होगी.
इस नई सुविधा का लाभ लेने के लिए लाभार्थियों को 8976855921 नंबर पर कळ लिखकर भेजना होगा। इसके बाद उनके सामने एक विशेष मेन्यू खुलेगा, जिसमें महामंडल और विभिन्न योजनाओं की जानकारी, नई नोंदणी संबंधी मार्गदर्शन, पात्रता प्रमाणपत्र की स्थिति और डाउनलोड सुविधा, बैंक कर्ज मंजूरी की स्थिति तथा ब्याज परतावा दावे की जानकारी जैसे विकल्प उपलब्ध होंगे. महामंडल ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी सेवाएं ओटीपी आधारित सत्यापन प्रणाली से जोड़ दी हैं. इसके अलावा आवेदन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की जानकारी देने वाले प्रशिक्षण वीडियो तथा तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए ‘टिकिट जनरेशन’ सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है. महामंडल के अनुसार इस नई डिजिटल प्रणाली से लाभार्थियों के कार्यालयों के चक्कर कम होंगे और आवेदन प्रक्रिया अधिक पारदर्शी व तेज बनेगी. इससे समय और धन दोनों की बचत होगी.
महामंडल ने इससे पहले अपना आधिकारिक मोबाइल ऐप भी शुरू किया है. साथ ही लाभार्थियों के व्यवसाय विस्तार को ध्यान में रखते हुए वेबसाइट पर ‘व्यवसायवर्धन’ टैब भी शुरू किया गया है, जिसके माध्यम से भविष्य में ‘ई-मार्केट प्लेस’ तैयार करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं. जिला समन्वयक रोहित मोंढे ने बताया कि आने वाले समय में सीधे व्हॉट्सऐप के माध्यम से एलओआई आवेदन प्रक्रिया भी उपलब्ध कराने की तैयारी चल रही है. उन्होंने सभी लाभार्थियों से इन डिजिटल सुविधाओं का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की है.





