हिन्दी विश्वविद्यालय का क्लर्क निलंबित

सैकडों छात्राओं को भेजी अश्लील वीडियो क्लीप

वर्धा /दि.18- महात्मा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हिन्दी विश्वविद्यालय एक बार फिर गंभीर विवाद के कारण सुर्खियों में आ गया है. विश्वविद्यालय में कार्यरत एक क्लर्क के मोबाइल से अश्लील वीडियों और फोटो फाइलें, सैकडों छात्राओं के मोबाइल नंबरों पर भेजे जाने का मामला सामने आने के बाद परिसर में हडकम मच गया है. घटना के उजागर होते ही छात्र संगठनों और विद्यार्थियों में आक्रोश फैल गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने संबंधित क्लर्क हरीश शहा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. वहीं इस पूरे प्रकरण की शिकायत पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक पहुंचाने की भी जानकारी सामने आयी है.
छात्राओं ने दर्ज कराई आपत्ति : जानकारी के अनुसार छात्राओं के मोबाइल पर आपत्तिजनक पोस्ट पहुंचने के बाद विश्वविद्यालय परिसर में इस घटना की चर्चा तेजी से फैल गई. कई छात्राओं ने इस संबंध में आपत्ति दर्ज कराई, जिसके बाद छात्र संगठनों ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. छात्र नेताओं ने आरोप लगाया कि इस प्रकार की घटनाएं विश्वविद्यालय की छवि को धूमिल कर रही है. छात्राओं की सुरक्षा व सम्मान से जुडा यह मामला अत्यंत गंभीर है. दोषी कर्मचारी के खिलाफ कडी कानूनी कार्रवाई की भी मांग उन्होंने की.

साइबर सेल में आरोपी क्लर्क ने दर्ज कराई शिकायत
दूसरी ओर आरोपी क्लर्क ने खुद को निर्दोष बताते हुए साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई है. उसने दावा किया है कि उसका वॉट्सअ‍ॅप एकाउंट हैक कर किसी अज्ञात व्यक्ति ने अश्लील फोटो और वीडियों वायरल किए हैं.क्लर्क का कहना है कि उसे इस घटना की जानकारी बाद में मिली और वह स्वयं भी इस साजिश का शिकार हुआ है. बताया जाता है कि इसके पूर्व भी उक्त क्लर्क के खिलाफ पहले कार्रवाई हो चुकी है. अब यह मामला विश्वविद्यालय प्रशासन, पुलिस और साइबर एजेंसियों के लिए चुनौती बन गया है. छात्र संगठनों की मांग है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कडी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो.

महिला शिकायत निवारण समिति सक्रिय
घटना सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन हरकत में आया. प्रशासन की महिला शिकायत निवारण समिति की तत्काल बैठक बुलाई गई, जिसमें पूरे मामले पर चर्चा की गई. विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारियोंं को भी इसकी जानकारी दी गई. सूत्रों के अनुसार छात्राओं से प्राप्त शिकायतों और प्राथमिक जांच के आधार पर प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए कार्रवाई शुरू की.

रजिस्ट्रार ने किया निलंबित
विश्वविद्यालय के रजिस्टार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी क्लर्क हरीश शहा को निलंबित करने के आदेश जारी किए. हिन्दी विश्वविद्यालय के प्रसिध्दी प्रमुख बी. एस. मिरगे ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जायेगी. हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस स्तर पर कोई औपचारिक मामला दर्ज नहीं किया गया है.

Back to top button