रोड रोलर की चपेट में आने से युवक की मौत
चालक पर मामला दर्ज

अमरावती/दि.18- बडनेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत निंभा डैम भातकुली-अमरावती रोड पर हुए दर्दनाक हादसे में एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई. इस मामले में पुलिस ने रोड रोलर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है.
जानकारी के अनुसार मृतक युवक विवेक संजू वाढीवा (18, पाठाखेडा, तह. भैंसदेही, जि. बैतूल) निंभा डैम रोड निर्माण कार्य पर मजदूरी का काम करता था. शनिवार को दोपहर करीब 3 से 3.30 बजे के दौरान वह सडक किनारे खडे रोड रोलर की छाया में उसके सामने लेटा हुआ था. इसी दौरान आरोपी गजानन सिद्धार्थ खोब्रागडे (सावडी, अमरावती) ने बिना आस-पास देखे रोड रोलर चालू कर आगे बढा दिया. रोड रोलर युवक के उपर से गुजर गया, जिससे उसके शरीर का बायां हिस्सा गंभीर रुप से कुचल गया. घटना के बाद घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक के रिश्तेदार सुनील भिका उईके (आमला, बैतूल) अमरावती पहुंचे और रविवार को बडनेरा पुलिस थाने में जाकर शिकायत की. शिकायत पर बडनेरा पुलिस ने आरोपी चालक गजानन सिद्धार्थ खोब्रागडे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.





