बावरी हत्याकांड के 8 आरोपी गिरफ्तार
शादी में विवाद के बाद की थी युवक की हत्या

* आरोपियों को वारदात के कुछ ही घंटो में लिया हिरासत में
* परतवाडा पुलिस और एलसीबी की संयुक्त कार्रवाई
परतवाडा/दि.22– थाना क्षेत्र में मंगलवार 19 मई को शादी समारोह के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. बारात में नाचने को लेकर शुरू हुए झगडे में एक युवक की चाकू घोपकर हत्या कर दी गई थी. जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए परतवाडा पुलिस और ग्रामीण क्राइम ब्रांच ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता दिलराज सिंग राजेंद्र सिंग बावरी (27, आठवडी बाजार मोर्शी) अपने चचेरे भाई की शादी में शामिल होने परतवाडा आयी थी. शादी में बारात के दौरान नाचने को लेकर उनके पति राजेंद्रसिंग किसनसिंग बावरी और आरोपियों के बीच विवाद हुआ था. हालाकि रिश्तेदार होने के कारण उस समय मामला शांत कर दिया गया था. बताया गया कि शादी समारोह खत्म होने के बाद महिला अपने पति, बच्चे , जेठ अशोक सिंग उर्फ गोलू बावरी और अन्य रिश्तेदारों के साथ मोटर साइकिल से मोर्शी लौट रही थी.
मंगलवार, 19 मई की रात करीब 8.30 बजे चांदुर बाजार रोड स्थित बेलज फाटा के पास आरोपियों ने पीछा करते हुए पास आकर अचानक उनका रास्ता रोक लिया. आरोप है कि अमनसिंग नानकसिंग बावरी ने मोटर साइकिल को गिरा दिया. जिसके बाद आरोपियों ने राजेंद्रसिंग बावरी पर हमला कर दिया. आरोपी ने उसके पेट में चाकू घोप दिया. वहीं कुलदीपसिंग जयसिंग बावरी ने अशोकसिंग को पकडकर नीचे गिराया और वीरूसिंग जययिसंग बावरी ने उनके सिर पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया. इसके बाद आरोपियों ने लाठी, डंडों और लातो- घुसों से मारपीट की. घायल राजेंद्रसिंग और अशोक सिंग को इलाज के लिए चांदुर बाजार अस्पताल ले जाया गया. इलाज के दौरान राजेंद्रसिंग बावरी की मौत हो गई. इस मामले में परतवाडा पुलिस थाने में हत्या सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया था.
दादा- पर दादाओं से चली आ रही दुश्मनी
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक यह दुश्मनी केवल शादी से नहीं बल्कि दादा- परदादाओं के पिछले कई सालों से चलती आ रही है. जिसकी खुन्नस मंगलवार 19 मई की रात को हत्या के रूप में दिखाई दी. इस कार्रवाई को पुलिस अधीक्षक निकेतन कदम, अचलपुर के उपविभागीय पुलिस अधिकारी मनीष ठाकरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुरेश म्हस्के, एलसीबी के पीआई किरण वानखडे, एपीआई सलीम शेख, सागर हटवार सहित सचिन होले, सुधीर राउत, विवेक ठाकरे, प्रवीण वानखडे ने अंजाम दिया.





