रिजेक्टेड माल बयान पर सियासी घमासान
यशोमती ठाकुर का देवेंद्र फडणवीस पर पलटवार

अमरावती/दि.22– भाजपा और कांग्रेस के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो गया है. हाल ही में राहुल गांधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर की गई टिप्पणी के बाद राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है. इस पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि जनता द्वारा नकारे गए ‘रिजेक्टेड माल’ राहुल गांधी को ऐसे राष्ट्रनिष्ठ नेतृत्व की आलोचना करने का कोई अधिकार नहीं है. इस बयान के बाद कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री यशोमती ठाकुर ने फडणवीस पर जोरदार पलटवार किया है.
* यशोमती ठाकुर का प्रत्त्युत्तर
यशोमती ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी पर टिप्पणी करने के बजाय फडणवीस को स्वयं का मूल्यांकन करना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि संघ की कृपा से ही फडणवीस मुख्यमंत्री बने हैं. ठाकुर के अनुसार, वरना भाजपा में आपको कौन पूछता था? उन्होंने फडणवीस पर तीखा तंज कसते हुए कहा कि आज महाराष्ट्र ऐसा बोझ ढो रहा है.
* कानून-व्यवस्था और प्रशासन पर आरोप
ठाकुर ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था सरकार की विफलता के कारण बिगड़ चुकी है. उनके अनुसार, राज्य में अपराधी तत्व हावी हैं और गृह विभाग कमजोर दिख रहा है. उन्होंने आगे आरोप लगाया कि कई जगहों पर पुलिस संसाधनों की कमी है, और इंधन संकट जैसी स्थितियों में भी प्रशासन असफल दिख रहा है. कांग्रेस नेता ने भाजपा पदाधिकारियों पर सहकारी बैंकों में घोटालों के आरोप भी लगाए. उन्होंने कहा कि किसानों, छात्रों और आम जनता के मामलों में पुलिस सख्ती दिखाई जाती है, जबकि भ्रष्टाचार के मामलों में कार्रवाई कमजोर रहती है.
इससे पहले देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि राहुल गांधी और कांग्रेस को जनता ने बार-बार नकार दिया है और ऐसे नेताओं को राष्ट्रीय नेतृत्व की आलोचना करने का अधिकार नहीं है. नरेंद्र मोदी और अमित शाह पर टिप्पणी के बाद यह राजनीतिक विवाद और तेज हो गया है.





