कटाई के लिए लाये गये 11 गोवंश को दिया जीवनदान
बकरीद के पूर्व क्राइम ब्रांच की आजाद नगर में कार्रवाई

* 2.80 लाख रुपए का माल जब्त
अमरावती/दि.22 – अमरावती शहर पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बकरीद पर्व के मद्देनज़र बड़ी कार्रवाई करते हुए वध के लिए लाए गए 11 गोवंश को मुक्त कराया है. इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. पुलिस आयुक्त राकेश ओला के निर्देश पर शहर में अवैध धंधों, आपराधिक गतिविधियों तथा काटने के लिए लाए जा रहे मवेशियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत क्राइम ब्रांच के पुलिस निरीक्षक संदीप चव्हाण के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की.
जानकारी के अनुसार, 21 मई को गाडगे नगर थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान क्राइम ब्रांच टीम को गुप्त सूचना मिली कि आजाद नगर निवासी शेख रियाज शेख इलीयास नामक व्यक्ति बकरीद के अवसर पर वध के लिए मवेशियों को लाकर अपने घर के सामने टीन शेड में रखा हुआ है. सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा. वहां टीन शेड में रस्सियों से बंधी कुल 11 छोटी-बड़ी गायें एवं गोवंश मिले. पुलिस ने पंचनामा कर करीब 2 लाख 80 हजार रुपये मूल्य के गोवंश को कब्जे में लिया.
इसके बाद पशु चिकित्सा अधिकारी की मदद से सभी गोवंश को सुरक्षित देखभाल के लिए दस्तूर नगर स्थित गौ संरक्षण संस्थान भेज दिया गया. पुलिस ने इस मामले में आरोपी शेख रियाज शेख इलीयास (25) को गिरफ्तार किया है. यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त श्याम घुगे, पुलिस उपायुक्त रमेश धुमाल तथा एसीपी शिवाजी बचाटे के मार्गदर्शन में की गई.





