पूर्व सांसद विकास महात्मे की जान जोखिम में डालने का आरोप
नागपुर में लिफ्ट कंपनी पर मामला दर्ज

नागपुर/दि.22 – पूर्व सांसद विकास महात्मे ने एक निजी लिफ्ट कंपनी पर गंभीर लापरवाही और जान जोखिम में डालने का आरोप लगाया है. उनकी शिकायत पर धंतोली पुलिस ने निबव लिफ्ट प्रा. लि. के पदाधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है.
जानकारी के अनुसार, डॉ. महात्मे ने फरवरी 2025 में अपने निवास के लिए करीब 18.5 लाख रुपये की लागत से लिफ्ट खरीदी थी. इसके अलावा सिविल और इलेक्ट्रिकल कार्यों पर लगभग 5 लाख रुपये अतिरिक्त खर्च किए गए. कंपनी ने जून 2025 तक लिफ्ट पूरी तरह शुरू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन काम में लगातार देरी होती रही और आखिरकार दिसंबर 2025 में लिफ्ट लगाई गई.
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि लिफ्ट शुरू होने के बाद से ही उसमें गंभीर तकनीकी खराबियां सामने आने लगीं. लिफ्ट का गलत मंजिल पर रुकना, अचानक बंद हो जाना, तेज आवाज करना, दरवाजों का लॉक न होना और इमरजेंसी सेफ्टी सिस्टम का काम न करना जैसी समस्याएं लगातार बनी रहीं. डॉ. महात्मे और उनकी पत्नी कई बार लिफ्ट में फंस चुके हैं. एक घटना में लिफ्ट लगभग एक फुट ऊपर जाने के बाद अचानक नीचे गिर गई, जिससे डॉ. महात्मे की रीढ़ की हड्डी में चोट लगने की बात सामने आई है.
शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि संबंधित कंपनी के पास लिफ्ट लगाने और संचालन के लिए आवश्यक सरकारी अनुमति और सुरक्षा प्रमाणपत्र नहीं थे. इस मामले में कंपनी के संस्थापक विमल आर. बाबू, अंकित पटले, अमित रघुवंशी, वेंकटेश टी सहित अन्य कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. मामले के सामने आने के बाद बिना अनुमति चल रहे लिफ्ट व्यवसाय और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.





