सस्टेनेबल डेवलपमेंट पर तीसरे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का भव्य समापन

शिवाजी विज्ञान, एकेडिवेट रिसर्च फाउंडेशन, मणिपाल विवि मलेशिया का आयोजन

अमरावती/दि.23– श्री शिवाजी विज्ञान महाविद्यालय, स्व. दिगंबरराव बिंदू महाविद्यालय, एकेडमिक रिसर्च फाउंडेशन तथा मणिपाल यूनिवर्सिटी कॉलेज मेलाका के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित थर्ड इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस ऑन एडवांसिंग सस्टेनेबल डेवलपमेंट का भव्य समापन मलेशिया स्थित मणिपाल विश्वविद्यालय परिसर में हुआ. दो दिवसीय इस सम्मेलन में भारत सहित विभिन्न देशों के 80 से अधिक शोधकर्ताओं, प्राध्यापकों, विद्यार्थियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया.
सम्मेलन में सतत विकास, जैव विविधता, हरित प्रौद्योगिकी, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, जैव-सूचनाविज्ञान, पर्यावरण संरक्षण, कृषि नवाचार और पारिस्थितिकी संरक्षण जैसे विषयों पर शोधपत्र प्रस्तुत किए गए. उद्घाटन समारोह भारत और मलेशिया के राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिससे कार्यक्रम में राष्ट्रगौरव का माहौल बना. कार्यक्रम में प्रो. डॉ. जयकुमार गुरुसामी और प्रो. डॉ. अब्दुल रशीद बिन इस्माईल विशेष रूप से उपस्थित रहे. सम्मेलन के सफल आयोजन में हर्षवर्धन देशमुख, डॉ. पंजाब चव्हाण तथा डॉ. जी. वी. कोरपे का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
सम्मेलन के दौरान कई तकनीकी सत्र और प्रमुख व्याख्यान आयोजित किए गए. डॉ. दिनेश डी. खेडकर ने बायोडायव्हर्सिटी इन्फॉर्मेटिक्स एंड कम्प्यूटेशनल इंटेलिजेंस फॉर सस्टेनेबल डेवलपमेंट विषय पर विशेष व्याख्यान देते हुए सतत विकास में कृत्रिम बुद्धिमत्ता और संगणकीय विश्लेषण की भूमिका पर प्रकाश डाला. समापन सत्र में उत्कृष्ट शोध प्रस्तुत करने वाले शोधकर्ताओं और विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया. वक्ताओं ने कहा कि विज्ञान, प्रौद्योगिकी और सामाजिक प्रतिबद्धता के संयुक्त प्रयासों से ही सतत विकास के लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं.

Back to top button