27 मई से शुरू होंगी ग्रीष्मकालीन परीक्षाएं
एआई आधारित सीसीटीवी निगरानी में होगी पूरी प्रक्रिया

अमरावती/दि.23– यशवंतराव चव्हाण महाराष्ट्र ओपन यूनिवर्सिटी की मई-जून ग्रीष्मकालीन परीक्षाएं 27 मई से शुरू होंगी. अमरावती विभाग में कुल 84 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं. परीक्षा प्रक्रिया को अनुशासित, पारदर्शी और नकलमुक्त बनाने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस वर्ष कई महत्वपूर्ण और सख्त कदम उठाए हैं.
कुलपति डॉ. राजीव सोनवणे के मार्गदर्शन में प्र-कुलगुरु डॉ. जोगेंद्रसिंह बिसेन, परीक्षा नियंत्रक बटुप्रसाद पाटिल और विभागीय संचालक डॉ. जयंत वडते के सहयोग से परीक्षा प्रबंधन को अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया है. इस वर्ष पहली बार सभी परीक्षा केंद्रों पर एआई आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. इन कैमरों की निगरानी नासिक स्थित परीक्षा विभाग और विभागीय केंद्र द्वारा सीधे की जाएगी. प्रश्नपत्र डाउनलोड करने से लेकर उत्तरपुस्तिकाओं को सील करने तक पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी निगरानी में होगी, जिससे परीक्षा में पारदर्शिता और सुरक्षा बढ़ेगी.
परीक्षा के दौरान संवेदनशील केंद्रों पर विशेष फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात किए जाएंगे. प्राचार्य स्तर के अधिकारियों को फ्लाइंग टीम में शामिल किया गया है, जबकि नीट, सीईटी और पीएचडी पात्रता प्राप्त अधिकारियों को वरिष्ठ बाह्य पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है. सभी पर्यवेक्षकों और टीम सदस्यों को जिम्मेदारियों और परीक्षा संबंधी प्रक्रियाओं का विस्तृत प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने विश्वास जताया है कि तकनीक आधारित इन उपायों से परीक्षा प्रक्रिया अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और छात्रहितैषी बनेगी. साथ ही सभी संबंधितों से अनुशासित और तनावमुक्त वातावरण में परीक्षा संपन्न कराने में सहयोग की अपील की गई है.





