5 दिन की नवजात बच्ची की संदिग्ध मौत
माता-पिता पर लापरवाही का मामला दर्ज

* बडनेरा थाना क्षेत्र की घटना
अमरावती/दि.23 – एक 5 दिन की नवजात बच्ची की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने माता-पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के अनुसार इस मामले में पहले आकस्मिक घटना का मामला दर्ज किया गया था. जांच के बाद आरोपियों पर धारा 106(1) और 3(5) आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया. आरोपियों के नाम बडनेरा शहर के जुनी बस्ती निवासी सूरज गुजर (45) और उसकी 40 वर्षीय पत्नी है.
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने अपनी नवजात बच्ची को लगातार तेज धूप में खुले स्थान पर साड़ी के कपड़े से बने पालने में सुलाया था. बच्ची लगातार रो रही थी, लेकिन आसपास के लोगों द्वारा पूछताछ किए जाने के बावजूद माता-पिता ने उसकी ओर ध्यान नहीं दिया. पुलिस के अनुसार बच्ची की उचित देखभाल, पालन-पोषण और सुरक्षा में गंभीर लापरवाही बरती गई.
बताया गया कि बच्ची का जन्म आठवें महीने में हुआ था, जिसके कारण वह जन्म से ही कमजोर और दुर्बल थी. इसके बावजूद उसे लगातार धूप में रखा गया, जिससे उसकी हालत और बिगड़ती गई. मेडिकल ऑफिसर डॉ. रंजीत राठौड़ ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया कि बच्ची की मौत साड़ी से लगातार गला दबने के कारण दम घुटने से हुई. शिकायतकर्ता की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने सदोष मनुष्य वध का मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.





