पेपर लीक करने वालों के हाथ काट देने चाहिए
विधायक बच्चू कडू का बड़ा बयान

अमरावती /दि.25- मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट’ पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में मचे बवाल के बीच प्रहार जनशक्ति पार्टी के नेता और विधायक बच्चू कडू ने विवादित बयान दिया है. उन्होंने कहा कि पेपर लीक में शामिल लोगों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए कि भविष्य में कोई इस तरह का अपराध करने की हिम्मत न करे.
एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बच्चू कडू ने कहा, छात्र एक-दो साल तक कड़ी मेहनत से परीक्षा की तैयारी करते हैं. लेकिन जब उन्हें पता चलता है कि पेपर लीक हो गया, तो उनकी सारी मेहनत पर पानी फिर जाता है. पेपर लीक करने वालों को छत्रपति शिवाजी महाराज के समय जैसी सजा मिलनी चाहिए. सरकार को ऐसे लोगों के हाथ काट देने चाहिए, ताकि भविष्य में कोई ऐसा करने की हिम्मत न करे. उन्होंने कहा कि पेपर लीक की खबर सुनते ही युवाओं में भारी गुस्सा और निराशा फैल जाती है.
* गरीब छात्रों के साथ हो रहा अन्याय
विधायक बच्चू कडू ने सरकारी भर्ती परीक्षाओं में होने वाली गड़बड़ियों पर भी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं से सबसे ज्यादा नुकसान गरीब और मेहनती छात्रों को होता है. उन्होंने कहा, अगर सिर्फ अमीरों के बच्चों को नौकरी मिले और गरीब परिवार का मेहनती युवक पेपर लीक की वजह से पीछे रह जाए, तो इससे बड़ा पाप कोई नहीं हो सकता.
* लगातार विवादों में रही है नीट परीक्षा
नीट परीक्षा शुरू होने के बाद से ही कई बार पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोप सामने आते रहे हैं. हाल के मामले में महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में जांच एजेंसियों ने कार्रवाई करते हुए कुछ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें कोचिंग क्लास संचालक और परीक्षा प्रक्रिया से जुड़े कुछ लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं. पेपर लीक के मामलों ने परीक्षा प्रणाली की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.





