मेलघाट जंगफ सफारी के सभी 7 गेट 15 जून से होंगे बंद

टिपेश्वर सहित चार अभयारण्यों पर फैसला बारिश की स्थिति पर निर्भर

अमरावती /दि.25- मेलघाट टाईगर रिजर्व में जंगल सफारी का आनंद लेनेवाले पर्यटकों के लिए महत्वपूर्ण खबर सामने आई है. वन विभाग ने आगामी मानसून सीजन को देखते हुए मेलघाट के सेमाडोह, चिखलदरा, हरिसाल, शहानूर, नरनाला, धारगड और वसाली यह सभी 7 सफारी गेट 15 जून से 30 सितंबर तक बंद करने का निर्णय लिया है. वहीं टिपेश्वर, ज्ञानगंगा, काटेपूर्णा व पैनगंगा इन चार अन्य अभयारण्यों को पर्यटकों के लिए बंद करने का फैसला बारिश की स्थिति पर निर्भर रहेगा.
यह जानकारी मुख्य वनसंरक्षक आदर्श रेड्डी ने दी है. उन्होंने बताया कि, हर वर्ष बारिश शुरु होने के साथ ही जंगल क्षेत्रों की कच्ची सडकों की स्थिति खराब हो जाती है. वन्यजीवों की सुरक्षा और पर्यटकों की भी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सफारी गतिविधियों पर अस्थाई रोक लगाई जाती है. बारिश के दौरान जंगल के अंदर वाहन चलाना जोखिमपूर्ण हो जाता है. कई मार्गो पर फिसलन, नालों में पानी भरना और दृश्यता कम होने जैसी समस्याएं सामने आती है. इसी कारण हर वर्ष मानसून अवधि में कोर एरिया की सफारी बंद कर दी जाती है.
यदि बारिश सामान्य रहती है, तो कुछ बफर जोन या सीमित मार्ग पर्यटकों के लिए खुले रखे जा सकते है. लगातार तेज बारिश होने पर इन क्षेत्रों में भी सफारी बंद की जा सकती है. वन विभाग ने पर्यटकों से अपील की है कि, सफारी बुकिंग कराने से पहले संबंधित अभयारण्य की अधिकारिक जानकारी अवश्य लें. मानसून सीजन में जंगलों में वन्यजीवों की गतिविधियां बढ जाती है और प्रकृति संरक्षण को प्राथमिकता दी जाती है

Back to top button