चंद्रभागा नदी में मिला युवक का शव, हत्या या हादसा?

पुलिस जांच में जुटी

* प्राथमिक जांच में लग रही दुर्घटना
अमरावती/दि.30 – जिले के दर्यापुर तालुका में स्थित चंद्रभागा नदी के किनारे एक युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान सचिन कुरवाडे के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं और लोगों के बीच यह सवाल उठ रहा है कि यह हत्या है या कोई दुर्घटना.
जानकारी के अनुसार, नदी के पुल पर खून के धब्बे, एक जोड़ी चप्पल और पैंट पड़ी हुई मिली, जबकि लगभग 150 मीटर दूर नदी में युवक का शव बरामद किया गया. बताया जा रहा है कि कुछ युवक नदी किनारे मवेशी चराने गए थे, तभी उनकी नजर पानी में तैरते शव पर पड़ी. इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही खल्लार पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा किया. प्रारंभिक जांच में घटनास्थल और शव मिलने की जगह के बीच की दूरी तथा पुल पर मिले खून के निशानों ने मामले को और रहस्यमय बना दिया है.पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृत्यु के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि युवक की मौत हादसे में हुई या उसके साथ कोई आपराधिक घटना हुई है.पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविकता सामने आ सकेगी. फिलहाल इस घटना ने पूरे क्षेत्र में खलबली मचा दी है.
इस बीच अमरावती मंडल ने थानेदार बहाड से बात की, तो उन्होंने बताया कि, प्राथमिक जांच में मामला दुर्घटना का लग रहा है. अभी और छानबीन चल रही है. पुलिस सभी बातों पर गौर कर रही है.

Back to top button