आरपीएफ की सतर्कता से लाखों रुपये का गांजा जब्त

तस्कर गिरफ्तार

नागपुर /दि.5- रेलवे परिसरों के माध्यम से मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), नागपुर ने एक महत्वपूर्ण कार्रवाई करते हुए लगभग 12.35 किलोग्राम प्रतिबंधित पदार्थ बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2.47 लाख है. इस मामले में मादक पदार्थ की तस्करी में संलिप्त 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया गया है. 2 जून को अपराध खुफिया शाखा (सीआईबी), आरपीएफ नागपुर के अधिकारी एवं कर्मचारी नागपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक 08 के अजनी छोर स्थित फुट ओवर ब्रिज के निकट अपराध रोकथाम ड्यूटी पर तैनात थे. निगरानी के दौरान उन्हें एक संदिग्ध युवक सी-ग्रीन रंग का ट्रॉली बैग लेकर घूमता दिखाई दिया. पूछताछ करने पर वह बैग की सामग्री के संबंध में संतोषजनक उत्तर नहीं दे सका, जिसके बाद उसकी विस्तृत जांच की गई.
पूछताछ के दौरान युवक ने स्वीकार किया कि बैग में प्रतिबंधित पदार्थ रखा हुआ है. ट्रॉली बैग की तलाशी लेने पर उसमें खाकी टेप से लिपटे हुए छह पैकेट बरामद हुए. पैकेटों में मादक पदार्थ होने की आशंका के मद्देनज़र मंडल सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को तत्काल सूचना दी गई तथा आरपीएफ के नार्कोटिक्स डिटेक्शन डॉग प्रिंस को मौके पर बुलाया गया. श्वान द्वारा जांच के दौरान मादक पदार्थ की उपस्थिति का सकारात्मक संकेत प्राप्त हुआ. एनडीपीएस अधिनियम के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए राजपत्रित अधिकारी, स्वतंत्र पंचों तथा अधिकृत अधिकारियों की उपस्थिति में बरामद सामग्री की तलाशी एवं वजन किया गया. जांच में कुल 12.35 किलोग्राम प्रतिबंधित पदार्थ बरामद हुआ.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक (19 वर्ष), निवासी उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है. आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण करने के पश्चात आरोपी तथा जब्त सामग्री को आगे की कार्रवाई हेतु जीआरपी नागपुर को सौंप दिया गया. इस संबंध में एनडीपीएस अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है तथा आगे की जांच जारी है. आरपीएफ नागपुर रेलवे परिसरों में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए निरंतर अभियान चला रहा है. रेलवे प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना रेलवे हेल्पलाइन 139 अथवा आरपीएफ को तत्काल दें.

Back to top button