प्रदीप अंधारे ने संभाला अमरावती ग्रामीण विभाग के कार्यकारी अभियंता का पद

अमरावती /दि.10 – महावितरण के अमरावती ग्रामीण विभाग में अनुभवी अधिकारी प्रदीप अंधारे ने हाल ही में कार्यकारी अभियंता के रूप में पदभार संभाला है. उनकी नियुक्ति से विभाग की विद्युत व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान की उम्मीद जताई जा रही है.
प्रदीप अंधारे मूल रूप से मोर्शी तहसील के दापोरी गांव के निवासी हैं. उन्होंने शासकीय अभियांत्रिकी महाविद्यालय, अमरावती से इंजीनियरिंग की शिक्षा प्राप्त की है. महावितरण में उन्हें 32 वर्षों का लंबा अनुभव है. अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने वसई, विरार, अमरावती, मोर्शी, नांदेड़, अमलनेर और अचलपुर सहित कई स्थानों पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं. विद्युत वितरण प्रणाली की स्थापना, मौजूदा विद्युत तंत्र को सुदृढ़ एवं सक्षम बनाना, निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए वैकल्पिक विद्युत व्यवस्था विकसित करना तथा बिजली चोरी के मामलों का पता लगाकर प्रभावी कार्रवाई करना उनकी विशेष कार्यक्षमता मानी जाती है. उनके कार्यकाल में मेलघाट क्षेत्र की कई विद्युत समस्याओं का समाधान हुआ. साथ ही लंबे समय से लंबित 33 केवी जारीदा उपकेंद्र को भी उनके प्रयासों से शुरू किया गया, जिससे क्षेत्र के उपभोक्ताओं को बड़ा लाभ मिला. अमरावती जिले की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के साथ भी उनका घनिष्ठ संबंध रहा है.
पदभार ग्रहण करने के बाद प्रदीप अंधारे ने कहा कि अमरावती ग्रामीण विभाग के अंतर्गत आने वाले अमरावती, धामणगांव रेलवे, चांदूर रेलवे, बडनेरा, नांदगांव खंडेश्वर, भातकुली और तिवसा तहसीलों के उपभोक्ताओं की विद्युत संबंधी समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दी जाएगी. इसके अलावा महावितरण की विद्युत हानि कम कर राजस्व बढ़ाने, वितरण व्यवस्था को मजबूत करने तथा उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और निर्बाध बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा.





