विवाहिता को नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म का आरोप
धर्म परिवर्तन का दबाव, दो आरोपी गिरफ्तार

नागपुर /दि.15- वर्धा रोड स्थित एक होटल में 24 वर्षीय विवाहित महिला को कथित रूप से नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डालने का गंभीर मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है.
पुलिस के अनुसार, घटना सोनेगांव थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में हुई. पीड़िता की शिकायत पर दर्ज मामले में आरोप है कि मुख्य आरोपी अय्याज ताज मदारे ने जमीन के सौदे से संबंधित बैठक का झांसा देकर महिला को होटल में बुलाया. वहां कथित रूप से उसे पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर दिया गया. शिकायत के मुताबिक, महिला के बेहोश होने के बाद आरोपी और उसके एक साथी ने उसके साथ दुष्कर्म किया तथा घटना का वीडियो बना लिया. बाद में वीडियो वायरल करने की धमकी देकर महिला को ब्लैकमेल किया गया और उससे नकद तथा ऑनलाइन माध्यम से करीब 3 लाख 9 हजार रुपये वसूल किए गए.
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने एक अन्य व्यक्ति की मदद से उस पर धर्म परिवर्तन कर निकाह करने का दबाव भी बनाया. किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने के बाद महिला ने सोनेगांव पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अय्याज मदारे और अमीन शेख को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस के अनुसार, मामले में नामजद तीसरा आरोपी, जो मध्य प्रदेश का निवासी बताया जा रहा है, फरार है और उसकी तलाश की जा रही है. सोनेगांव पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.





