तेज रफ्तार कार भीड़ में घुसी, महिला की मौत, पांच घायल
इचलकरंजी एसटी बस डिपो में भीषण हादसा

कोल्हापुर /दि.19– महाराष्ट्र के कोल्हापुर जिले के इचलकरंजी शहर में शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. इचलकरंजी एसटी बस डिपो परिसर में एक तेज रफ्तार कार अचानक भीड़ में घुस गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई. हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हो गए.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कार तेज गति से बस डिपो में दाखिल हुई और वहां मौजूद यात्रियों तथा नागरिकों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गई. इस दौरान कुल छह लोग इसकी चपेट में आ गए. हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई महिला नंदा कोली की मौके पर ही मौत हो गई. दुर्घटना के बाद उनका शव बस डिपो परिसर में पड़ा मिला. वहीं पांच अन्य घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार अनियंत्रित होकर लगातार आगे बढ़ती रही और अंततः एक एसटी बस से टकराकर रुक गई. यदि कार बस से नहीं टकराती तो और अधिक लोगों के घायल होने की आशंका थी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे. घायलों को अस्पताल भेजने के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है. इस हादसे के बाद बस डिपो परिसर में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कार चालक का वाहन पर नियंत्रण कैसे खो गया और दुर्घटना के पीछे वास्तविक कारण क्या था.





