सांसदों के बाद विधायकों में भी टूट की अटकलें
उद्धव ठाकरे की बैठक से 3 विधायक रहे नदारद

मुंबई/दि.22 – शिवसेना उबाठा गुट को एक के बाद एक झटके लगते दिखाई दे रहे हैं. छह सांसदों की बगावत और शिंदे गुट में शामिल होने की खबरों के बीच अब विधायकों में भी टूट की अटकलें तेज हो गई हैं. सोमवार को पार्टी प्रमुख उद्धव ठाकरे द्वारा बुलाई गई विधायकों की बैठक में तीन विधायक अनुपस्थित रहे, जिससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है.
जानकारी के अनुसार विधायक संजय पोतनीस, संजय दरेकर और राहुल पाटील बैठक में शामिल नहीं हुए. हालांकि उनकी अनुपस्थिति के पीछे का कारण आधिकारिक तौर पर स्पष्ट नहीं किया गया है, लेकिन हालिया राजनीतिक घटनाक्रम को देखते हुए इसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इधर, ठाकरे गुट के छह बागी सांसद उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के निवास पर पहुंचे, जहां उनकी बैठक हुई. सूत्रों के मुताबिक ये सांसद जल्द ही शिंदे गुट में औपचारिक रूप से शामिल हो सकते हैं. बताया जा रहा है कि कुछ सांसदों को भविष्य में मंत्री पद भी मिल सकता है.
गौरतलब है कि हाल ही में उद्धव ठाकरे द्वारा बुलाई गई सांसदों की बैठक में भी 9 में से केवल 4 सांसद ही उपस्थित हुए थे. इसके बाद छह सांसदों की बगावत ने ठाकरे गुट को बड़ा राजनीतिक झटका दिया है. इन घटनाओं के बीच उद्धव ठाकरे ने पार्टी संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए उन सभी क्षेत्रों का दौरा करने का निर्णय लिया है, जहां पार्टी में बगावत हुई है. वहीं बैठक स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि सांसदों के बाद विधायकों की अनुपस्थिति ने महाराष्ट्र की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है. हालांकि फिलहाल किसी विधायक द्वारा बगावत की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन आने वाले दिनों में शिवसेना की अंदरूनी राजनीति पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी.





