यवतमाल में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत, तीन घायल

बारिश से बचने के लिए नींबू के पेड़ के नीचे लिया सहारा, आकाशीय बिजली बनी मौत का कारण

यवतमाल/दि.24- जिले में मंगलवार दोपहर हुई तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसे कलंब और उमरखेड़ तहसीलों में हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.
* नींबू के पेड़ के नीचे रुके, बिजली गिरते ही दो की मौत
पहली घटना कलंब तहसील के उमरी गांव के समीप हुई. जानकारी के अनुसार निखिल वाल्मीक भोयर (36) और भीमराव रामभाऊ लाटकर (60) खेत में काम कर रहे थे. उनके साथ साहिल भीमराव लाटकर (19) भी मौजूद था. दोपहर में तेज हवा, गरज-चमक और बारिश शुरू होने पर तीनों खेत में स्थित एक नींबू के पेड़ के नीचे बारिश से बचने के लिए खड़े हो गए. इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली पेड़ पर गिर गई. हादसे में निखिल भोयर और भीमराव लाटकर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साहिल गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे उपचार के लिए यवतमाल भेजा गया है.
* मवेशी चराने गए युवक की भी मौत
दूसरी घटना उमरखेड़ तहसील के भोजूनगर तांडा क्षेत्र में हुई. यहां महेश गणेश आडे (23) अपने पिता गणेश फकीरा आडे (55) और कालू कनिराम पवार (70) के साथ अमडापुर बांध के समीप खेत क्षेत्र में मवेशी चराने गया था. दोपहर में अचानक मौसम खराब हो गया और गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई. इसी दौरान तीनों पर बिजली गिर गई. उन्हें तत्काल फुलसावंगी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने महेश आडे को मृत घोषित कर दिया. गंभीर रूप से घायल कालू पवार को आगे के उपचार के लिए उपजिला अस्पताल रेफर किया गया, जबकि गणेश आडे का प्राथमिक उपचार किया गया.
इस दुखद घटना से यवतमाल जिले के दोनों क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई है. ग्रामीणों ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने और घायलों के बेहतर उपचार की मांग की है.

Back to top button