केतन अग्रवाल हत्याकांड में उज्ज्वल निकम की एंट्री

सीएम फडणवीस ने फास्ट ट्रैक कोर्ट और विशेष सरकारी वकील नियुक्त करने के दिए निर्देश

पुणे/दि.26- इस समय पूरे राज्यभर में चर्चित रहनेवाले केतन अग्रवाल हत्याकांड मामले में अब जांच और न्यायिक प्रक्रिया को गति देने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं. मृतक केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात कर अपने पुत्र को न्याय दिलाने की मांग की. इसके बाद मुख्यमंत्री ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने तथा वरिष्ठ विधिज्ञ उज्ज्वल निकम को विशेष सरकारी वकील नियुक्त करने के निर्देश दिए हैं.
बता दे कि, लोणावला ग्रामीण क्षेत्र के लोहगड परिसर में हुई केतन अग्रवाल की हत्या ने पूरे राज्य को झकझोर दिया था. पुलिस जांच में सामने आया कि इस मामले में आरोपी सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन को गिरफ्तार किया गया है. दोनों पर केतन अग्रवाल की हत्या की साजिश रचने और उसे अंजाम देने का आरोप है. इस घटना के बाद न्याय की मांग को लेकर केतन अग्रवाल के पिता विशाल अग्रवाल ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की. उन्होंने दोषियों को कठोर से कठोर सजा दिलाने तथा मामले की त्वरित सुनवाई सुनिश्चित करने की मांग की. मुख्यमंत्री फडणवीस ने परिवार को आश्वस्त करते हुए कहा कि मामले में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी और दोषियों को कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है.
* फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलेगा मामला
बैठक के दौरान अग्रवाल परिवार ने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग रखी. मुख्यमंत्री ने इस मांग को तत्काल स्वीकार करते हुए विधि एवं न्याय विभाग को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए. साथ ही, देश के वरिष्ठ आपराधिक विधि विशेषज्ञ उज्ज्वल निकम को इस मामले में विशेष सरकारी वकील नियुक्त करने का निर्णय भी लिया गया. जानकारी के अनुसार उज्ज्वल निकम ने भी इस प्रकरण में विशेष सरकारी वकील के रूप में कार्य करने की सहमति प्रदान कर दी है.
* सिया के परिवार पर भी जांच का दायरा
दूसरी ओर, पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए आरोपी सिया गोयल के परिजनों से भी पूछताछ शुरू कर दी है. सूत्रों के अनुसार सिया के भाई को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि डिजिटल साक्ष्य, कॉल रिकॉर्ड, संदेशों और अन्य तकनीकी प्रमाणों की जांच जारी है तथा मामले में हर पहलू की गहन पड़ताल की जा रही है.
*सिया के पिता का बड़ा बयान
इस बीच सिया गोयल के पिता, जो अपनी बेटी की गिरफ्तारी के बाद मानसिक आघात के कारण अस्पताल में उपचाररत हैं, ने मीडिया से बातचीत में महत्वपूर्ण जानकारी दी. उन्होंने कहा कि सिया पर केतन अग्रवाल से विवाह करने के लिए परिवार की ओर से किसी प्रकार का दबाव नहीं था. उनके अनुसार, जब केतन अग्रवाल का रिश्ता आया था तब सिया स्वयं इस विवाह को लेकर उत्साहित थी और उसने अपनी इच्छा से ही केतन को जीवनसाथी के रूप में स्वीकार किया था. परिवार ने उस पर कोई दबाव नहीं बनाया था.
* पूरे राज्य की नजर मामले पर
केतन अग्रवाल हत्याकांड की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए अब पूरे राज्य की नजर इस मामले की जांच और न्यायिक प्रक्रिया पर टिकी हुई है. फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और उज्ज्वल निकम की नियुक्ति के बाद पीड़ित परिवार को न्याय मिलने की उम्मीद और मजबूत हुई है.

Back to top button