खडी कार में अचानक खुला एयर बैग

25 वर्षीय कार कारोबारी की मौत

मुंबई/दि.27 – मुंबई से सटे मीरा रोड इलाके में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है. सेकेंड हैंड कार के 25 वर्षीय कारोबारी की खड़ी कार की जांच के दौरान स्टेयरिंग में लगा एयरबैग अचानक खुल जाने से मौत हो गई. एयरबैग के प्लास्टिक कवर का तेज प्रहार गर्दन पर लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी जान चली गई. मृतक की पहचान मोहित सुरेश सोनी (25) के रूप में हुई है, जो मीरा रोड के काशीमीरा स्थित टियारा हिल्स सोसायटी का निवासी था. वह सेकेंड हैंड कारों की खरीद-बिक्री का व्यवसाय करता था.
बुधवार दोपहर मोहित एक करीब 15 वर्ष पुरानी होंडा कार एमएच-01/एएल-6301 का निरीक्षण करने के लिए काशीमीरा स्थित प्लेज़ंट पार्क सोसायटी के पास सड़क किनारे खड़ी कार में बैठे थे. इसी दौरान बिना किसी टक्कर या दुर्घटना के स्टेयरिंग में लगा एयरबैग अचानक सक्रिय हो गया. एयरबैग खुलते ही उसका प्लास्टिक कवर तेज गति से उछलकर मोहित की गर्दन के दाहिने हिस्से पर लगा, जिससे गहरी चोट आई और भारी रक्तस्राव शुरू हो गया.
* समय पर नहीं मिली मदद
कार सड़क किनारे खड़ी होने के कारण शुरुआत में किसी को घटना की जानकारी नहीं मिल सकी. काफी देर बाद स्थानीय लोगों की नजर कार के अंदर घायल अवस्था में पड़े मोहित पर पड़ी. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें भायंदर के पंडित भीमसेन जोशी शासकीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
* वाहन पर टक्कर के कोई निशान नहीं
काशीमीरा पुलिस की प्रारंभिक जांच में कार पर किसी भी प्रकार की बाहरी टक्कर या क्षति के निशान नहीं मिले हैं. ऐसे में बिना किसी दुर्घटना के एयरबैग कैसे सक्रिय हुआ, यह जांच का मुख्य विषय बन गया है. संबंधित कार करीब 15 वर्ष पुरानी बताई जा रही है और उसके पास वैध फिटनेस प्रमाणपत्र भी था.
* फॉरेंसिक और आरटीओ करेंगे जांच
पुलिस ने घटनास्थल से रक्त के नमूने और अन्य तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए हैं. वाहन की यांत्रिक और इलेक्ट्रिकल प्रणाली की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम, आरटीओ अधिकारियों और वाहन विशेषज्ञों की मदद ली जाएगी. यह पता लगाया जाएगा कि एयरबैग सिस्टम, सेंसर या अन्य किसी तकनीकी खराबी के कारण यह हादसा हुआ या नहीं.
* वाहन का पूरा इतिहास खंगाला जाएगा
जांच एजेंसियां अब यह भी पता लगा रही हैं कि क्या इस कार का पहले कभी दुर्घटना से संबंध रहा था, एयरबैग सिस्टम की मरम्मत या बदलाव किया गया था या सर्विसिंग में कोई तकनीकी त्रुटि रह गई थी. वहीं, मृतक के भाई कुलदीप सोनी ने मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कर हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा करने की मांग की है. पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

Back to top button