संघ की सराहना करना गलत नहीं, विश्वास नांगरे पाटिल ने सही कहा

राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने पुलिस आयुक्त का किया बचाव

नागपुर/दि.27 – महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने नागपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल का समर्थन करते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बारे में अच्छी बातें कहना गलत नहीं है. उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उद्धव ठाकरे के एक ही विमान से यात्रा करने, आरटीओ अधिकारियों के तबादला विवाद तथा राजस्व विभाग से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार का पक्ष रखा.
* फडणवीस-ठाकरे की विमान यात्रा पर बोले
बावनकुले ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान के अनुरूप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने निजी विमान के बजाय यात्री विमान से यात्रा कर एक अच्छा उदाहरण पेश किया. उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे ने भी इसमें साथ दिया. उन्होंने स्पष्ट किया कि विमान में हुई बातचीत को राजनीतिक रंग देना उचित नहीं है. यात्रा के दौरान पारिवारिक या सामान्य विषयों पर भी चर्चा हो सकती है, हर बातचीत राजनीति से जुड़ी हो यह जरूरी नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि महायुति में किसी प्रकार का मतभेद नहीं है और एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस तथा भाजपा-शिवसेना के नेता वर्षों से साथ मिलकर काम कर रहे हैं.
नागपुर के पुलिस आयुक्त विश्वास नांगरे पाटिल द्वारा आरएसएस की प्रशंसा किए जाने पर उठे विवाद पर बावनकुले ने कहा कि उन्होंने कुछ भी गलत नहीं कहा. उनके अनुसार, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने देश के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. यदि किसी ने उसके बारे में सकारात्मक बात कही है तो उसे गलत नजरिये से देखने की आवश्यकता नहीं है.
* शहीदों के परिवारों को बड़ी राहत
राजस्व मंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने शहीद जवानों की वीर माताओं, वीर पत्नियों और वैध उत्तराधिकारियों को दी जाने वाली कृषि भूमि के हस्तांतरण पर स्टांप ड्यूटी पूरी तरह माफ करने का निर्णय लिया है. इस प्रस्ताव को हाल ही में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी दे दी गई है.
* आरटीओ तबादला मामले की होगी उच्चस्तरीय जांच
आरटीओ अधिकारियों के तबादलों में कथित बाहरी हस्तक्षेप के मामले पर बावनकुळे ने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारियों द्वारा विभागीय कार्यों में दखल दिए जाने की शिकायत गंभीर है. उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर केंद्र और राज्य की उच्चस्तरीय एजेंसियों से जांच कराई जानी चाहिए.
* राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार नहीं, केवल ‘विसंगति’
राजस्व विभाग में कथित घोटाले के आरोपों पर बावनकुले ने कहा कि स्टांप शुल्क के आकलन में अंतर को भ्रष्टाचार नहीं कहा जा सकता. उन्होंने बताया कि 1 अप्रैल 2021 से 31 मार्च 2026 तक के मामलों की जांच के लिए एक टास्क फोर्स गठित की गई है और अकाउंटेंट जनरल के माध्यम से ऑडिट कराया जाएगा. उन्होंने दोहराया कि सरकार भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति पर काम कर रही है.

Back to top button