अमरावती जिला माहेश्वरी संगठन की नई कार्यकारिणी का निर्विरोध चयन
एड. रामपाल कलंत्री बने अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पद पर रामेश्वर गग्गड

अमरावती/दि.29– अमरावती जिला माहेश्वरी संगठन के साल 2026 से 2029 के कार्यकाल के लिए नई कार्यकारिणी का निर्विरोध चयन सर्वसम्मति संपन्न हुआ. समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुडे अनुभवी एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं को संगठन की जिम्मेदारियां सौंपते हुए नई कार्यकारिणी की घोषणा की गई.
इस अवसर पर उपस्थित समाजबंधुओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का पुष्पगुच्छ एवं तालियों की गडगडाहट के साथ अभिनंदन करते हुए सफल एवं समाज हितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दी. नई कार्यकारिणी में अध्यक्ष पद पद पूर्व न्यायाधीश एड. रामपाल कलंत्री (अमरावती) का निर्विरोध चयन किया गया. वहीं उपाध्यक्ष पद की रामेश्वर गग्गड (अमरावती), अशोक मुंधडा (धामणगांव रेलवे) तथा डॉ. श्यामसुंदर राठी (मोर्शी) को जिम्मेदारी सौंपी गई. मंत्री पद पर एड. देवीदास टवानी (अमरावती), कोषाध्यक्ष पद पर प्रा. सीताराम राठी (अमरावती), संगठन मंत्री के तौर पर गोविंद लढ्ढा (दर्यापुर) तथा प्रचार मंत्री के रुप में प्रमोद राठी (भातकुली) का चयन हुआ.
वहीं संयुक्त मंत्री पद पर किशोर गंगन (चांदुर रेलवे), राजेश गांधी तथा प्रेमकुमार टावरी (धामणगांव रेलवे) निर्विरोध चुने गए. कार्यक्रम में विदर्भ प्रादेशिक माहेश्वरी संगठन के पूर्व अध्यक्ष एड. रमेशचंद्र चांडक, पूर्व जिला संगठन उपाध्यक्ष राजेश गंगन, श्री माहेश्वरी पंचायत अमरावती के सरपंच सुरेश साबू तथा अमरावती जिले की सभी तहसीलों के अध्यक्ष, सचिव, पदाधिकारी व वर्ष 2023 से 2026 की विद्यमान कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी विशेष रुप से उपस्थित थे. कार्यक्रम में श्री माहेश्वरी पंचायत अमरावती की ओर से नवनिर्वाचित अध्यक्ष एड. रामपाल कलंत्री का भव्य सत्कार किया गया.
कार्यक्रम के दौरान सरपंच सुरेश साबू ने अपने संबोधन में विश्वास व्यक्त किया कि, भविष्य में भी माहेश्वरी पंचायत का संगठन को पूर्ण सहयोग मिलता रहेगा. कार्यक्रम में मुख्य चुनाव अधिकारी एड. राधेश्याम लढ्ढा, चुनाव पर्यवेक्षक कमल माहेश्वरी, अध्यक्ष अशोक राठी तथा नवनिर्वाचित अध्यक्ष एड. रामपाल कलंत्री ने भी संबोधित किया. वक्ताओं ने समाज में एकता, संगठन की मजबूती, युवाओं की सहभागिता तथा सामाजिक, शैक्षणिक एवं सेवा गतिविधियों को नई दिशा देने पर बल दिया गया.
कार्यक्रम में उपस्थित समाजबंधुओं ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी से संगठन को और सशक्त बनाने, समाज में समन्वय एवं सहयोग की भावना को बढावा देने तथा समाजहित के कार्यो को नई गति देने की अपेक्षा व्यक्त की. नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी समाजबंधुओं को साथ लेकर संगठन के विकास और समाजसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का विश्वास दिलाया. कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी समाजबंधुओं ने एक साथ खडे होकर तालियों की गडगडाहट के बीच नवनिर्वाचित अध्यक्ष एड. रामपाल कलंत्री अभिनंदन किया. कार्यक्रम के अंत में सभी ने स्नेहभोज का आनंद लिया, ऐसी जानकारी जिला संगठन के प्रचार मंत्री प्रमोद राठी ने दी है.





