शहीद जवान पराग मोरे के परिजनों से मिले विधायक रवि राणा, दी श्रद्धांजलि

अमरावती /दि.29- भारतीय सेना में देशसेवा करते हुए 20 जून को विशाखापट्टनम में शहीद हुए साई नगर निवासी वीर जवान पराग सुरेशराव मोरे के निवास पर विधायक रवि राणा ने पहुंचकर उनके परिजनों से मुलाकात की और शोक संवेदना व्यक्त की. इस दौरान उन्होंने शहीद पराग मोरे के चित्र पर पुष्पहार अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी.
रवि राणा ने कहा कि शहीद पराग मोरे का सर्वोच्च बलिदान पूरे देश के लिए गर्व का विषय है. मातृभूमि की रक्षा के लिए उन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर राष्ट्र के प्रति सर्वोच्च कर्तव्य निभाया है. उनका शौर्य, राष्ट्रभक्ति, कर्तव्यनिष्ठा और त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत रहेगा. उन्होंने शहीद के परिजनों से संवाद कर उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि इस कठिन समय में वे परिवार के साथ खड़े हैं. साथ ही आश्वासन दिया कि शासन की ओर से मिलने वाली हर आवश्यक सहायता दिलाने के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे. इस अवसर पर बड़ी संख्या में उपस्थित नागरिकों ने भारत माता की जय और शहीद पराग मोरे अमर रहें के नारों से वातावरण को देशभक्ति से गुंजायमान कर दिया. रवि राणा ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, शहीद कभी मरते नहीं, वे राष्ट्र की स्मृतियों में सदैव अमर रहते हैं. देश की रक्षा के लिए पराग मोरे का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा और उनका जीवन हर भारतीय को राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता रहेगा.

Back to top button