उद्धव ठाकरे पहले अपने दल की चिंता करें

राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले का पलटवार

* शिंदे की शिवसेना को बताया ‘असली’
मुंबई./दि.29 – यवतमाल में उद्धव ठाकरे के भाजपा पर तीखे हमलों के बाद महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने जोरदार पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे को भाजपा की चिंता करने की जरूरत नहीं है, बल्कि उन्हें अपने घटते जनाधार और कमजोर होते संगठन पर ध्यान देना चाहिए.
बावनकुले ने कहा, उद्धव ठाकरे पहले अपने दल की चिंता करें. उनका पार्टी संगठन लगातार छोटा होता जा रहा है और उनके नेता उन्हें छोड़कर दूसरे दलों में जा रहे हैं. उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा हिंदुत्व और राष्ट्रहित के विचारों के लिए काम करती आई है, जबकि उद्धव ठाकरे के पास अब जनता के सामने रखने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है. इसलिए वे अपनी सभाओं में केवल भाजपा और महायुति के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं. शिवसेना पर दावा करते हुए बावनकुले ने कहा कि बालासाहेब ठाकरे की विचारधारा को आज उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे आगे बढ़ा रहे हैं और वही असली शिवसेना है. उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक जमीन खिसकने के कारण उद्धव ठाकरे लगातार महायुति पर हमला बोल रहे हैं. इससे पहले यवतमाल की सभा में उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए उसे बाबर जनता पार्टी तक कह दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने राम मंदिर के नाम पर लोगों की भावनाओं का इस्तेमाल किया और हिंदुत्व के साथ विश्वासघात किया.
उद्धव ठाकरे ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर भी टिप्पणी करते हुए दावा किया कि पार्टी के भीतर ही उनके पर काटे जा रहे हैं. ठाकरे ने कहा कि फडणवीस असहज और दबाव में दिखाई दे रहे हैं तथा उन्हें अपनी ही पार्टी में कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ रहा है. वहीं दूसरी ओर, राष्ट्रवादी कांग्रेस (शरद पवार गुट) के विधायक रोहित पवार ने किसानों की संपूर्ण कर्जमाफी की मांग को लेकर राज्य सरकार पर हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने पंढरपुर आंदोलन के दौरान किए गए वादे पूरे नहीं किए. रोहित पवार ने चेतावनी दी कि यदि आंदोलन को दबाने की कोशिश की गई तो ‘जेल भरो’ आंदोलन शुरू किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर विदर्भ में इससे भी बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा.

Back to top button