महाराष्ट्र संपादक परिषद के राज्यस्तरीय पुरस्कार घोषित

दैनिक हिंदुस्थान के विलास अरुण मराठे समेत आठ संपादकों का होगा सम्मान

 पद्मभूषण देशपांडे को विशेष पुरस्कार
मुंबई/दि.7 – महाराष्ट्र संपादक परिषद की ओर से स्वर्गीय वरिष्ठ पत्रकार यशवंत पाध्ये की जयंती के अवसर पर प्रदान किए जाने वाले वर्ष 2025-26 के राज्यस्तरीय पुरस्कारों की घोषणा कर दी गई है. पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए अमरावती के दैनिक हिंदुस्थान के प्रबंध संपादक विलास अरुण मराठे समेत राज्य के आठ प्रतिष्ठित संपादकों का चयन किया गया है. वहीं दैनिक प्रहार के संपादक पद्मभूषण देशपांडे को विशेष पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा. स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पत्रकार मंगेश चिवटे को भी सम्मानित किया जाएगा.
स्व. यशवंत पाध्ये की जयंती के अवसर पर मुंबई में आयोजित विशेष कार्यक्रम में पुरस्कारों की घोषणा की गई. पाध्ये द्वारा पत्रकारिता एवं समाचार पत्र क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्य और योगदान की स्मृति को कायम रखने के उद्देश्य से महाराष्ट्र संपादक परिषद की ओर से यह पुरस्कार दिए जाते हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले संपादकों का सम्मान करना, उनके कार्यों से अन्य पत्रकारों को प्रेरणा देना और नई पीढ़ी को मार्गदर्शन उपलब्ध कराना इस पुरस्कार योजना का उद्देश्य है.
* इन आठ संपादकों का हुआ चयन
इस वर्ष पुरस्कार के लिए दैनिक लोकमत के नंदकिशोर पाटील (छत्रपति संभाजीनगर), दैनिक हिंदुस्थान के प्रबंध संपादक विलास अरुण मराठे (अमरावती), दैनिक सकाल के निखिल पंडितराव (कोल्हापुर), दैनिक संचार के विक्रम खेलबुडे (सोलापुर), दैनिक पुण्यनगरी के सुनील जावडेकर (ठाणे-पालघर), दैनिक सकाल के सतीश वैजापुरकर (शिर्डी, अहिल्यानगर), दैनिक पुढारी के संजीव कुलकर्णी (नांदेड) और दैनिक लोकशाही के डी. जे. गुरव (जलगांव) का चयन किया गया है. राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में पत्रकारिता के माध्यम से किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए इन सभी संपादकों को सम्मानित किया जाएगा.
* विलास मराठे के कार्यों को राज्यस्तरीय सम्मान
अमरावती के दैनिक हिंदुस्थान के प्रबंध संपादक विलास अरुण मराठे का पुरस्कार प्राप्त करने वाले संपादकों में चयन होने से उनके पत्रकारिता क्षेत्र में किए गए कार्यों को राज्यस्तरीय पहचान मिली है. विभिन्न विभागों के संपादकों के योगदान की दखल लेते हुए दिए जाने वाले इन पुरस्कारों के माध्यम से क्षेत्रीय पत्रकारिता के योगदान का भी सम्मान किया जाएगा.
* पद्मभूषण देशपांडे को विशेष पुरस्कार
दैनिक प्रहार के संपादक पद्मभूषण देशपांडे को विशेष पुरस्कार प्रदान किया जाएगा. इसके अलावा स्वास्थ्य क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करते हुए हजारों मरीजों को सहायता उपलब्ध कराने वाले पत्रकार मंगेश चिवटे को भी सम्मानित किया जाएगा. पत्रकारिता के साथ मरीजों की सेवा में उनके योगदान की भी परिषद ने दखल ली है.
* नकद राशि, गौरवचिह्न, शॉल और श्रीफल से सम्मान
पुरस्कार का स्वरूप नकद राशि, गौरवचिह्न, शॉल और श्रीफल रहेगा. महाराष्ट्र संपादक परिषद के अनुसार, जल्द ही राज्य के विभिन्न विभागों में मान्यवरों के हाथों पुरस्कार प्राप्त करने वाले संपादकों एवं पत्रकारों का सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा. राज्यस्तरीय पुरस्कारों की चयन प्रक्रिया में महाराष्ट्र संपादक परिषद के अध्यक्ष संजय मलमे, सचिव एकनाथ बिरवटकर, कार्याध्यक्ष प्रकाश कुलथे, उपाध्यक्ष सुधीर जाधव एवं गजानन चव्हाण, कोषाध्यक्ष दीपाताई पाध्ये के साथ ही गोरख तावरे, अरुण सुरवाडकर, धोंडूपंत विष्णुपुरीकर, राजेंद्र मोहिते और अन्य मान्यवर सदस्यों ने विशेष परिश्रम किया. स्व. यशवंत पाध्ये की स्मृतियों को नमन करते हुए पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों का सम्मान करने वाली यह पहल नई पीढ़ी के पत्रकारों के लिए प्रेरणादायी साबित हो, यही महाराष्ट्र संपादक परिषद की भूमिका है.

Back to top button