‘मणीबाई के द्वार, शिक्षा की ओर’ थीम पर पर्यावरण अनुकूल प्रवेशोत्सव

नवागत विद्यार्थियों का हुआ भव्य स्वागत

अमरावती /दि.30– दि गुजराती एज्युकेशन सोसायटी, अमरावती द्वारा संचालित मणीबाई गुजराती हाईस्कूल, अंबापेठ में ‘मणीबाई के द्वार, शिक्षा की ओर’ थीम पर पर्यावरण अनुकूल प्रवेशोत्सव उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया. पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ निकाली गई आकर्षक ग्रंथ-दिंडी और उसकी सजावट ने क्षेत्रवासियों का ध्यान आकर्षित किया.
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा ग्रंथ-दिंडी पूजन से हुई. ज्ञान की महत्ता का संदेश देते हुए नवप्रवेशित विद्यार्थियों का पुष्पवर्षा और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच स्वागत किया गया. प्रतीकात्मक रूप से विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकों का वितरण कर नए शैक्षणिक सत्र का शुभारंभ किया गया. इस अवसर पर स्वागताध्यक्ष सीए डॉ. निलेशभाई लाठीया, डॉ. नितीनभाई सेठ, सुरेशभाई राजा, तुषारभाई श्रॉफ, भरतभाई भायानी, योगेंद्रभाई देसाई तथा स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष श्याम नीलकरी प्रमुख रूप से उपस्थित थे. विद्यालय की प्रधानाचार्या अंजली देव ने सभी अतिथियों का पौधे भेंट कर पर्यावरण अनुकूल तरीके से स्वागत किया. सीए डॉ. निलेशभाई लाठिया ने विद्यार्थियों के साथ शिक्षा यात्रा में सहभागिता करते हुए उन्हें नए शैक्षणिक वर्ष की शुभकामनाएं दीं.
प्रधानाचार्या अंजली देव ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान की जानकारी दी. उन्होंने प्रत्येक विद्यार्थी से अपनी मां के नाम पर कम से कम एक पौधा लगाने और उसका संरक्षण करने का संकल्प लेने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं. कार्यक्रम में उपप्रधानाचार्य अनिल पंजाबी, पर्यवेक्षक सरिता गायकवाड, अरविंद हिरपरा, विद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे. प्रवेशोत्सव के दौरान संत और वारकरी की वेशभूषा में पहुंचे नवागत विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था. ज्ञान, पर्यावरण संरक्षण और विद्यार्थियों के आत्मीय स्वागत का सुंदर संगम बने इस आयोजन की अभिभावकों ने मुक्तकंठ से सराहना की.

 

Back to top button