गैबियन बांध किसानों के लिए वरदान

चिखलदरा तहसील में 118 बांधों का निर्माण

* 200 हेक्टर कृषि क्षेत्र को सिंचाई का लाभ
चिखलदरा /दि.1- चिखलदरा तहसील में वित्तिय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के दौरान जिला परिषद लघु सिंचाई विभाग द्वारा 118 नए गैबियन बांध तथा सीमेंट नाला बांधों का निर्माण किया गया है. यह बांध किसानों के लिए वरदान साबित हुए है. इससे 200 हेक्टर कृषि क्षेत्र को सिंचाई का लाभ हुआ. वहीं स्थानीय मजदूरों को भी पूरे सालभर रोजगार मिलने लगा है.
चिखलदरा तहसील एक पहाडी एवं आदिवासी बहुल क्षेत्र है, जहां वन क्षेत्र अधिक है तथा कृषि योग्य भूमि अपेक्षाकृत कम है. यहां हर साल भारी बारिश होती है, लेकिन पहाडी भूभाग होने की वजह से बारिश का पानी बहकर निकल जाता है. जिसमें पानी को रोकने जिला परिषद लघु सिंचन विभाग द्वारा गेबियन बांध एवं सीमेंट नाला बांधों का निर्माण किया गया. इस परियोजना के माध्यम से लगभग 200 हेक्टर कृषि भूमि सिंचाई के दायरे में आई है. किसानों का कहना है कि, इससे गेहूं, चना एवं अन्य रबी फसलों के उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होने की संभावना है.
इसके अलावा तहसील के भांडोरा, कालापांढरी, कारदा, बामादेही, पाचडोंगरी, आवागड तथा रजनीकुंड जैसे गांव में पहले सिंचाई की पर्याप्त व्यवस्था नहीं थी. लेकिन अब इन क्षेत्रों के किसानों को भी स्थायी रुप से सिंचाई की सुविधा प्राप्त हुई है. काजलडोह के किसान रोहित अमृतराव अथोटे ने बताया कि, काटकुंभ-चुरणी, काजलडोह क्षेत्र में हर साल अच्छी बारिश होती है. लेकिन पानी जमीन में नहीं ठहरता, बहकर निकल जाता है. मेरे खेत के पास सीमेंट नाला बांध का निर्माण होने से सिंचाई को सुविधा उपलब्ध हुई है और भूजल स्तर भी बढा है. जिससे खेती को बडा लाभ मिला है. गैबियन बांध एवं सीमेंट नाला बांधों के निर्माण से जलसंरक्षण, भूजल स्तर में वृद्धि, सिंचाई क्षेत्र का विस्तार तथा ग्रामीण रोजगार को बढावा मिला है. इन योजनाओं में चिखलदरा तहसील के किसानों के लिए विकास का मार्ग प्रशस्त किया है और यह परियोजनाएं किसानों के लिए वास्तव में किसी वरदान से कम नहीं है.

Back to top button