राज्यमाता गोमाता संवाद यात्रा’ का अमरावती में जिला स्तरीय समापन समारोह कल

अमरावती /दि.1- महाराष्ट्र गोसेवा आयोग और पशुसंवर्धन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 22 जून से पूरे राज्य में निकाली जा रही ‘राज्यमाता गोमाता संवाद यात्रा’ का अमरावती जिला स्तरीय समापन कार्यक्रम 2 जुलाई 2026 को सुबह 10 बजे शेगांव नाका स्थित अभियंता भवन में आयोजित किया जाएगा.
15 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा के दौरान लगभग 6 हजार किलोमीटर का सफर तय किया जा रहा है. यात्रा राज्य के 35 जिलों से होकर गुजर रही है, जिसमें एक हजार से अधिक गोशालाएं प्रत्यक्ष रूप से सहभागी हैं. इस दौरान करीब 15 हजार से अधिक गोशाला संचालकों, गोरक्षकों, गोपालकों और किसानों से संवाद कर गोसंवर्धन और प्राकृतिक खेती से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जा रही है. यात्रा का मुख्य उद्देश्य रासायनिक खेती के विकल्प के रूप में देशी गाय के गोबर आधारित प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देना है. साथ ही गोशालाओं को केवल दान पर निर्भर रहने के बजाय आत्मनिर्भर बनाने के उपायों की जानकारी दी जाएगी.
कार्यक्रम में गोबर और गोमूत्र से बनने वाले मूल्यवर्धित उत्पादों, जैसे जैविक खाद, औषधियां और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के बारे में जागरूकता फैलाने के साथ-साथ पशुसंवर्धन विभाग और महाराष्ट्र गोसेवा आयोग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी किसानों और पशुपालकों तक पहुंचाई जाएगी. इसके अलावा गोशाला संचालकों की समीक्षा बैठक, पशुसंवर्धन विभाग और गोशालाओं के बीच बेहतर समन्वय, गोवंश संरक्षण के लिए पुलिस प्रशासन एवं गोरक्षकों के बीच सहयोग, गोवंश हत्या प्रतिबंध कानून की जानकारी तथा देशी नस्ल के गोवंश के वैज्ञानिक एवं पारंपरिक संरक्षण पर भी मार्गदर्शन दिया जाएगा. आयोजकों ने जिले के सभी गोसेवकों, गोरक्षकों, किसानों, पशुपालकों एवं गोशाला संचालकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित रहने की अपील की है.





