ट्रक में 50 किलो गांजा बरामद
केबिन में छिपाकर गांजा तस्करी, चालक गिरफ्तार

नागपुर/दि.1- नागपुर-भंडारा राष्ट्रीय राजमार्ग एक बार फिर मादक पदार्थ तस्करों के निशाने पर है. पारडी क्षेत्र में अपराध शाखा की एंटी-नारकोटिक्स टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक की केबिन में विशेष तरीके से छिपाकर रखा गया 50 किलो 560 ग्राम गांजा बरामद किया. इस मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. जब्त गांजा और ट्रक समेत कुल माल की कीमत करीब 28 लाख रुपये आंकी गई है.
मंगलवार शाम पारडी पुलिस थाना क्षेत्र के उमिया कॉम्प्लेक्स स्थित वन उत्पाद जांच नाके पर नियमित वाहन जांच के दौरान छह पहिया अशोक लेलैंड ट्रक को रोका गया. जांच के दौरान चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर स्थानीय पुलिस ने अपराध शाखा की एंटी-नारकोटिक्स टीम को मौके पर बुलाया. टीम द्वारा ट्रक की गहन तलाशी लेने पर चालक की केबिन में छिपाकर रखे गए गांजे के पैकेट बरामद हुए. वजन करने पर गांजे की मात्रा 50 किलो 560 ग्राम निकली. इसके बाद पुलिस ने ट्रक चालक मोहम्मद अलाउद्दीन मोहम्मद जमालुद्दीन शराफत अली मलिक (40) को गिरफ्तार कर लिया.
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी नागपुर के कपिलनगर क्षेत्र का निवासी है और गांजे की यह खेप ओडिशा के संबलपुर से नागपुर लाई जा रही थी. हालांकि यह खेप किसे सौंपी जानी थी और इसके पीछे कौन-सा तस्करी गिरोह सक्रिय है, इसकी जांच जारी है. पुलिस के अनुसार नागपुर, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और ओडिशा को जोड़ने वाला प्रमुख केंद्र होने के कारण तस्कर राष्ट्रीय राजमार्गों का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल कर रहे हैं. उल्लेखनीय है कि दो महीने पहले भी इसी मार्ग पर करीब 500 किलो गांजा जब्त किया गया था. फिलहाल पुलिस केवल चालक से पूछताछ तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करने में जुटी है. अधिकारियों का मानना है कि जांच में जल्द ही इस गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों का भी खुलासा हो सकता है.





