अमरावती की बेटी ने रूस में फहराया भारत का परचम
‘युरेशिया ग्लोबल-2026’ में संस्कृति शंकरपुरे ने किया देश का प्रतिनिधित्व

अमरावती/दि.3– अमरावती की प्रतिभाशाली बेटी संस्कृति दिलीप शंकरपुरे ने रूस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय युवा सम्मेलन ‘युरेशिया ग्लोबल-2026’ में भारत का प्रभावी प्रतिनिधित्व कर शहर और देश का गौरव बढ़ाया है. उनकी इस उपलब्धि से अमरावती सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का वातावरण है. रूस के ओरेनबुर्ग शहर में 23 से 28 जून 2026 के दौरान आयोजित 11वें अंतरराष्ट्रीय युवा मंच ‘युरेशिया ग्लोबल-2026’ में संस्कृति ने विभिन्न देशों के युवा प्रतिनिधियों के बीच भारत की संस्कृति, युवा नेतृत्व और सामाजिक मूल्यों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया. वर्तमान में वह रूस के सिम्फेरोपोल स्थित क्रिमियन फेडरल विश्वविद्यालय की अंतरराष्ट्रीय चिकित्सा संकाय में एमबीबीएस के पांचवें वर्ष की छात्रा हैं.
इस प्रतिष्ठित वैश्विक सम्मेलन में रूस के 59 क्षेत्रों तथा 24 देशों के 160 युवा प्रतिनिधियों ने भाग लिया. छह दिनों तक चले इस आयोजन में नेतृत्व विकास, नवाचार, वैश्विक सहयोग, सामाजिक परिवर्तन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर कार्यशालाएं तथा परिचर्चाएं आयोजित की गईं. संस्कृति ने इन सभी कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करते हुए भारत का दृष्टिकोण प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया. सम्मेलन के दौरान उन्होंने विभिन्न देशों के युवाओं से संवाद स्थापित कर भारतीय संस्कृति, युवा शक्ति और सामाजिक सरोकारों की जानकारी साझा की. उनकी प्रस्तुति और सहभागिता को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली.
उल्लेखनीय है कि वैश्विक मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का यह संस्कृति का पहला अवसर नहीं है. इससे पहले भी वह विभिन्न अंतरराष्ट्रीय युवा सम्मेलनों में भारत का प्रतिनिधित्व कर अपनी नेतृत्व क्षमता और सामाजिक प्रतिबद्धता की छाप छोड़ चुकी हैं. संस्कृति की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर अमरावती के शैक्षणिक, सामाजिक और युवा क्षेत्रों में खुशी की लहर है. विभिन्न संगठनों, शिक्षाविदों और नागरिकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है. अपनी सफलता पर संस्कृति ने ‘युरेशिया ग्लोबल-2026’ के आयोजकों, क्रिमियन फेडरल विश्वविद्यालय तथा अपने परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है.





