मिशन आईएएस विदर्भ के विद्यार्थियों को सशक्त बना रहा है

सुदर्शन गांग का प्रतिपादन, डॉ. नरेशचंद्र काठोले के 73 वर्ष पूर्ण होने पर गोविंद कासट मित्र मंडल का आयोजन

अमरावती/दि.3– मिशन आईएएस संस्था पिछले 25 वर्षों से विदर्भ के विद्यार्थियों को तत्पर, तेजस्वी और तपस्वी बनाने का कार्य कर रही है. इस ज्ञानयज्ञ को साकार करने का संकल्प लेकर संस्था के संस्थापक प्रा. डॉ. नरेशचंद्र काठोले ने समाज के सामने एक आदर्श प्रस्तुत किया है. यह उद्गार अभिनंदन बैंक के पदाधिकारी, विश्व जैन संगठन के उपाध्यक्ष तथा सुप्रसिद्ध समाजसेवी सुदर्शन गांग जैन ने अमरावती में आयोजित एक समारोह में व्यक्त किए.
यह कार्यक्रम मिशन आईएएस के संस्थापक प्रा. डॉ. नरेशचंद्र काठोले के 73 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में गोविंद कासट मित्र मंडली द्वारा आयोजित किया गया था. समारोह की अध्यक्षता करते हुए सुदर्शन गांग जैन ने कहा कि मिशन आईएएस ने हजारों विद्यार्थियों के जीवन को नई दिशा दी है और शिक्षा के माध्यम से समाज निर्माण का महत्वपूर्ण कार्य किया है. इस अवसर पर सुदर्शन गांग जैन, प्रदीप जैन आनंद परिवार तथा गोविंद कासट मित्र मंडली की ओर से विद्या काठोले एवं प्रा. डॉ. नरेशचंद्र काठोले का महावस्त्र एवं मोतियों की माला पहनाकर भव्य सम्मान किया गया. कार्यक्रम में गोविंद कासट, विदर्भ साहित्य संघ की पदाधिकारी प्राचार्य डॉ. शोभा रोकड़े, मनपा की पूर्व पदाधिकारी प्रभा आवारे, प्रदीप जैन, पर्यावरण कार्यकर्ता प्रवीण वासनिक, डॉ. चारुदत्त चौधरी, सार्वजनिक वाचनालय के संस्थापक राजन देशमुख, बडनेरा स्थित निवारा केंद्र की ज्योति राठोड़ एवं राजू बसवनाथे, गणेश मोरे, नागपुर की शिक्षिका रश्मी कावरे, विवेक सहस्त्रबुद्धे, नीलेश ठाकरे, मिशन आईएएस की सह-संचालिका पल्लवी एरुलकर, सेवन हैबिट्स के प्रशिक्षक प्रा. आशय रोकड़े तथा नरेंद्र तायडे ने प्रा. डॉ. नरेशचंद्र काठोले के व्यक्तित्व एवं सामाजिक, शैक्षणिक तथा प्रेरणादायी कार्यों पर अपने विचार व्यक्त किए.
कार्यक्रम का प्रास्ताविक महानगरपालिका की पूर्व पदाधिकारी एवं कार्यक्रम की संयोजिका प्रभा आवारे ने किया. अंत में गोविंद कासट मित्र मंडली द्वारा आयोजित इस पारिवारिक समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों का काठोले परिवार की ओर से पुस्तकों का वितरण कर आभार व्यक्त किया गया. इस अवसर पर गोविंद कासट मित्र परिवार तथा काठोले परिवार के अनेक सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित थे. इस अवसर पर काठोले परिवार की ओर से बडनेरा मे निवारा केंद्र के लिये आर्थिक राशि निवारा केंद्र की संचालिका ज्योती राठोड को प्रदान की गई.

Back to top button