टीईटी पेपर लीक मामले में और तीन आरोपी गिरफ्तार

भिवंडी/दि.3- शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) पेपर लीक मामले में पुलिस ने गुरुवार को तीन और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें जम्मू-कश्मीर से कपील दहिया, बिहार के पटना से सोनू सिंह और मिथुन सिंह का समावेश है. पुलिस को उम्मीद है कि, आरोपियों से पूछताछ के दौरान पेपर लीक के पूरे नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और अन्य फरार आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आएगी. कपील दहिया के खिलाफ पुलिस ने लुकआउट नोटिस जारी किया था.
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि, गिरफ्तार आरोपी सोनू और मिथुन इस मामले के मुख्य आरोपी बिजेंद्रकुमार गुप्ता के बेहद करीबी है और पटना में बिजेंद्र की बैठक में ये दोनों आरोपी भी मौजूद थे. इससे पहले पुलिस मुख्य आरोपी बिजेंद्र गुप्ता की पत्नी सुमनकुमारी को बिहार से गिरफ्तार कर चुकी है. उससे पूछताछ के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस इन तीनों आरोपियों तक पहुंची. तीनों आरोपियों को पुलिस ने अदालत में पेश किया, जहां उन्हें 9 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया.





