बाप रे… तीन राज्यों से 21 बस चुराई
तेलंगना के धरे गये युवक द्वारा दी गई जानकारी के बाद पुलिस अचंभित

* नागपुर से चुराई ई-बस का चार्जिंग समाप्त होने से आरोपी लगा पुलिस के हाथ
अमरावती /दि.3– विदर्भ की राजधानी नागपुर शहर के इमामवाडा डिपो से गुरुवार देर रात तेलंगना के कुख्यात चोर ने एसटी महामंडल की ‘शिवाई’ ई-बस चुरा ली. यह आरोपी बस चुराने के बाद सीधा अमरावती की तरफ निकल पडा. लेकिन इस बस का अमरावती में चार्जिंग समाप्त होने से और बस में लगी इलेक्ट्रॉनिक चीफ के कारण उसका लोकेशन मिलने से आरोपी राजापेठ पुलिस के जाल में फंस गया. इस कुख्यात ने पुलिस पूछताछ में जानकारी दी कि, उसने अब तक विभिन्न राज्यों से कुल 21 बसेस चुराई है.
तेलंगना राज्य के रंगा रेड्डी जिले में आने वाले हयात नाका निवासी कुख्यात चोर विष्णु गणपति निलावार (22) नामक आरोपी को ई-बस चुराने के बाद उसे लेकर घुमना और बस की चार्जिंग समाप्त होने के बाद उसके महंगे टायर और बैटरी निकालकर बेचने की लत है. नागपुर शहर के इमामवाडा डिपो की ई-बस क्रमांक एमएच-49/बीझेड-8258 गुरुवार को तडके 3.30 बजे चुराने के बाद आरोपी विष्णु तेज रफ्तार से अमरावती दिशा की तरफ निकल पडा. सुबह 9 बजे तक बस डिपो में न आने से सुरक्षा रक्षक सुरेंद्र मिश्रा ने डिपो व्यवस्थापक इमरान पटेल को मोबाइल पर इसकी जानकारी दी. पटेल ने तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया. हाल ही में कार्यरत हुई एसटी विभाग नियंत्रक तनुजा अहिरकर, विभागीय परिवहन अधिकारी, रंजना घोडमारे और यंत्र अभियंता महेंद्रकुमार नेवारे ने तत्काल इमामवाडा डिपो भेंट देकर वहां का जायजा किया. बस में इलेक्ट्रॉनिक चीप रहने से अधिकारियों ने इंटरनेट पर उसका लोकेशन देखा, तब वह अमरावती के पास रहने की बात स्पष्ट हुई. नागपुर कंट्रोलर ने तत्काल अमरावती पुलिस को सूचना देकर अलर्ट किया और राजापेठ पुलिस ने जाल बिछाकर आरोपी को बस के साथ दबोच लिया. मुख्य बात यानि इस ई-बस का चार्जिंग समाप्त होने से आरोपी राजापेठ थाना क्षेत्र के नंदा मार्केट के पास एसटी बस खडी कर खडा था. इसी कारण वह पुलिस के हाथ लग गया. इस आरोपी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि, उसने अब तक तेलंगना, हैदराबाद, आंध्रप्रदेश और महाराष्ट्र के नांदेड समेत अब तक कुल 21 एसटी बसेस चुराई है. यह सुनकर अमरावती पुलिस भी भौचक्की रह गई. अब तक दुपहिया, ट्रक, ऑटो रिक्शा, कार आदि वाहन चोरी होने की घटनाएं सामने आयी है. लेकिन एसटी महामंडल की बस ही चुराकर ले जाने की घटना पहली बार प्रकाश में आने से आश्चर्य व्यक्त किया जा रहा है.
* बिच रास्ते में आरोपी ने बैठाये यात्री
आरोपी विष्णु निलावार ने नागपुर के इमामवाडा डिपो से ई-बस चुराने के बाद अमरावती की तरफ आते समय बिच रास्ते में जगह-जगह से पैसा कमाने की दृष्टि से यात्रियों को भी बस में बैठाया. ‘चलो अमरावती’ पुकारता हुआ वह बस में यात्रियों को भरता जा रहा था. लेकिन पकडे जाने के डर से उसने बस में बैठाये यात्रियों को बीच रास्ते में ही उतार दिया. यह आरोपी इमामवाडा डिपो में 14 कर्मचारी मौजूद रहने के बावजूद सभी को चकमा देकर बस लेकर भाग गया था.
* बीटीएस के कारण चला पता
एसटी महामंडल की सभी बसों में बीटीएस यानि विकल ट्रैकिंग सिस्टिम लगाई गई है. इस सिस्टिम के चीप के माध्यम से बस का लोकेशन पता चल जाता है. इसकी अचूक जानकारी इंटरनेट पर उपलब्ध होती है. बस गायब होने का पता चलते ही नागपुर विभाग के अधिकारियों ने इस ट्रैकिंग प्रणाली का इस्तेमाल किया. बस अमरावती हाईवे पर दौडती रहने का पता चलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जाल बिछाकर फिल्मी स्टाईल में आरोपी को दबोच लिया.





