ठेकेदार की लापरवाही ने ली मासूम की जान
पानी से भरे गड्ढे में डूबकर 2 वर्षीय बच्चे की मौत

पुणे/दि.3- पुणे जिले के लोणी कालभोर क्षेत्र में ठेकेदार की कथित लापरवाही के कारण एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है. घर के बाहर खेल रहे दो वर्षीय मासूम सोहम लखन कसबे की बारिश के पानी से भरे खुले गड्ढे में गिरने से मौत हो गई. घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने अज्ञात ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में सीवरेज और वर्षा जल निकासी के लिए बड़े-बड़े गड्ढे खोदे गए थे. स्थानीय लोगों का आरोप है कि इन गड्ढों के आसपास न तो बैरिकेडिंग की गई थी और न ही किसी प्रकार के चेतावनी बोर्ड लगाए गए थे. लगातार बारिश के कारण गड्ढे पूरी तरह पानी से भर गए थे, जिससे उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया था. गुरुवार दोपहर सोहम अपने घर के बाहर खेल रहा था. इसी दौरान वह पानी से भरे गड्ढे के पास पहुंच गया और उसमें गिर गया. काफी देर तक नजर नहीं आने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. बाद में पास के गड्ढे में खोजबीन करने पर उसका शव पानी में मिला. तत्काल उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक की मां शिल्पा कसबे ने बताया कि वह घर में खाना बना रही थीं, जबकि सोहम बाहर खेल रहा था. कुछ समय बाद जब वह दिखाई नहीं दिया तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बाद उसका शव गड्ढे से बरामद हुआ. घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने ठेकेदार और संबंधित विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं. लोगों का कहना है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया जाता तो यह हादसा टल सकता था. गड्ढों के आसपास सुरक्षा घेरा, चेतावनी संकेत और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं की गई थीं. लोणी कालभोर पुलिस ने प्रारंभिक जांच के आधार पर अज्ञात ठेकेदार के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि संबंधित ठेकेदार की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इस घटना के बाद स्थानीय नागरिकों ने दोषियों पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने तथा निर्माण कार्यों में सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है. पावसाळी मौसम में खुले गड्ढों और अधूरे निर्माण कार्यों से होने वाली दुर्घटनाओं को लेकर एक बार फिर प्रशासन की जिम्मेदारी और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं.





