विकास विद्यालय और विद्यालक्ष्मी विद्यालय में प्रवेशोत्सव उत्साहपूर्वक रहा
पूर्व महापौर संजय नरवणे व पार्षद दीपक साहू, पूजा अग्रवाल रहे उपस्थित

अमरावती /दि.4– विलासनगर स्थित जनता विद्या मंडल द्वारा संचालित विद्यालक्ष्मी प्राथमिक मराठी विद्यालय (बालवाड़ी से कक्षा 4) एवं विकास विद्यालय (कक्षा 5 से 10) में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेशोत्सव एवं पाठ्यपुस्तक वितरण समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया गया.
कार्यक्रम में नवप्रवेशित एवं नियमित विद्यार्थियों का गुलाब पुष्प देकर स्वागत किया गया. समारोह की अध्यक्षता विकास विद्यालय की प्रधानाध्यापिका निशा मेश्राम ने की. इस अवसर पर जनता विद्या मंडल के संस्थापक उपाध्यक्ष वासुदेवराव मेश्राम, पूर्व महापौर एवं नगरसेवक संजय नरवणे, नगरसेवक दीपक साहू, नगरसेविका पूजा कौशिक अग्रवाल, समाजसेवी कौशिक अग्रवाल, विद्यालय के पूर्व विद्यार्थी विनोद गवई, पूर्व छात्रा मृणाल परांजपे (चौधरी), तुषार चौधरी तथा विद्यालक्ष्मी प्राथमिक विद्यालय की प्रधानाध्यापिका वैशाली सोलंके सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे.
कार्यक्रम का शुभारंभ राजर्षि शाहू महाराज, जनता विद्या मंडल के संस्थापक अध्यक्ष स्व. दादासाहेब आकोडे तथा स्वर्गीय विजयालक्ष्मी आकोडे के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया. इस अवसर पर अतिथियों के हाथों कक्षा 1 से 10 तक के विद्यार्थियों को महाराष्ट्र शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई पाठ्यपुस्तकों के साथ-साथ शिक्षक वर्गणी से उपलब्ध कराए गए स्कूल यूनिफॉर्म, बैग, कॉपियां तथा अन्य शैक्षणिक सामग्री का वितरण किया गया. अपने संबोधन में नगरसेविका पूजा कौशिक अग्रवाल ने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व बताया, जबकि नगरसेवक दीपक साहू ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए वर्तमान शिक्षा सुविधाओं का भरपूर लाभ उठाने का आह्वान किया. पूर्व छात्रा मृणाल परांजपे (चौधरी) ने विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं देते हुए पूर्व विद्यार्थी संघ की ओर से भविष्य में विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियां संचालित करने का भरोसा दिलाया.
संस्था के उपाध्यक्ष वासुदेवराव मेश्राम ने विद्यालय की उपलब्धियों एवं संस्था के गौरवपूर्ण इतिहास की जानकारी दी. अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रधानाध्यापिका निशा मेश्राम ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए नए शैक्षणिक सत्र की विभिन्न योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी विद्यार्थियों को दी. कार्यक्रम का संचालन डॉ. संदीप जूनघरे ने किया. समारोह को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों, शिक्षकेत्तर कर्मचारियों एवं विद्यालक्ष्मी प्राथमिक विद्यालय के समस्त स्टाफ ने महत्वपूर्ण योगदान दिया. समारोह के अंत में सभी विद्यार्थियों को पौष्टिक मध्यान्ह भोजन एवं मिष्ठान्न वितरित किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक एवं क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे.





