जायद हुसैन हत्याकांड के तीनों आरोपी गिरफ्तार

क्राईम ब्रांच के दल ने मुख्य आरोपी का 25 किमी तक किया पीछा

* लुडो का खेल जीतने पर चीखने के कारण की गई थी हत्या
अमरावती/दि.6- अमरावती शहर में शनिवार देर रात हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज दो घंटे के भीतर खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. घटना 4 जुलाई की रात करीब 11.30 बजे गाडगेनगर थाना क्षेत्र स्थित विद्या भारती कॉलेज के पास हुई, जहां 28 वर्षीय युवक ज़ायद हुसैन खान की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई थी. इस प्रकरण के फरार तीन आरोपियों को महज दो घंटों में क्राईम ब्रांच के दल ने गिरफ्तार कर लिया. मुख्य आरोपी कार से भागने की तैयारी में था. लेकिन पुलिस के दल ने 25 किमी तक उसका पीछा कर उसे दबोच लिया. गिरफ्तार आरोपियों के नाम यवतमाल निवासी शेख इमरान शेख महमूद उर्फ गोलू कुरैशी (30), अमरावती शहर के चिलम छावनी निवासी शेख समीर शेख जुम्मन (32) और राहुल नगर निवासी शेख अमीन शेख जब्बार (34) है.
जानकारी के मुताबिक पाकीजा कालोनी निवासी जायद हुसैन खान की शनिवार की रात विद्याभारती महाविद्यालय के पास हत्या होने के बाद सूचना मिलते ही पुलिस आयुक्तालय के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. प्रारंभिक जांच में पता चला कि मृतक ज़ायद हुसैन खान और उससके दोस्त शनिवार की रात 9.30 बजे के दौरान कैंटीन की गैलरी में लुडो खेल रहे थे. जीतने की खुशी में जायद और तौसिफ बडी आवाज में चिल्लाने लगे, तब उस इमारत में नीचे बैठे तीन युवकों ने उन्हें फटकार लगाई. जान बचाने के लिए वे युवक विद्याभारती महाविद्यालय की दिशा में भागे. हमलावर युवकों ने उनका पीछा किया. जायद खान इन युवकों के हाथ लगा और उस पर मुख्य आरोपी ने चाकू से पांच वार कर दिये. इस हमले में जायद हुसैन की मृत्यु हो गई.

* एक घंटे तक पीछा कर दबोचे आरोपी
घटनास्थल पर पुलिस निरीक्षक अतुल वर एवं पुलिस निरीक्षक दिनेश दहातोंडे, अतुल वर अपनी टीम के साथ पहुंचे और जांच शुरू की. घटनास्थल पर आरोपियों के संबंध में कोई प्रत्यक्ष जानकारी नहीं मिलने पर क्राइम ब्रांच ने गोपनीय सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की. आरोपी हत्या के बाद चार पहिया वाहन से शहर छोड़कर भागने की कोशिश कर रहे थे. क्राइम ब्रांच की टीम ने करीब एक घंटे तक उनका पीछा किया और बडनेरा वाई-पॉइंट पर वाहन सहित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.

* मुख्य आरोपी पर पहले से दर्ज है हत्या का मामला
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी शेख इमरान उर्फ गोलू कुरैशी के खिलाफ यवतमाल में पहले भी हत्या का मामला दर्ज है. वह पूर्व में कई वर्षों तक सेंट्रल जेल में सजा काट चुका है. पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की विस्तृत जांच कर रही है.

* वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई
यह पूरी कार्रवाई पुलिस आयुक्त राकेश ओला के मार्गदर्शन में पुलिस उपायुक्त यशवंत सोलंके, श्याम घुगे, पुलिस उपायुक्त (अपराध) प्रांजलि सोनवणे, सहायक पुलिस आयुक्त कैलास पुंडकर, नीलेश ब्राह्मणे, पुलिस निरीक्षक अतुल वर, दिनेश दहतोंडे सहित अपराध शाखा एवं गाडगेनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने अंजाम दी. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त वाहन को भी जब्त कर लिया है. मामले की आगे की जांच जारी है.

Back to top button