अमरावती से मुंबई की सभी ट्रेने हाउसफुल
रेलवे को भारी आय के बाद भी नहीं शुरु हो रही अन्य शहरों की ट्रेने

अमरावती /दि.7– अमरावती को सीधे प्रदेश की राजधानी मुंबई से जोडनेवाली अमरावती-मुंबई सुपर फास्ट एक्सप्रेस के साथ ही बडनेरा से मुंबई जानेवाली सभी ट्रेने हाउसफुल चल रही है. शनिवार को जब विभिन्न रेलवे गाडियों की जानकारी ली गई, तो स्लीपर से लेकर एसी तक सभी गाडियां हाउसफुल रहने के कारण अत्याधिक जरुरत रहने के बाद भी यात्रियों को अपनी यात्रा की तिथि बदलनी पड रही है. अमरावती में रेलवे की अपार संभावना रहने के बाद भी यहां से नए शहरों के लिए गाडियां क्यों नहीं शुरु हो रही है, यह सवाल नागरिकों द्वारा किया जा रहा है.
अमरावती-मुंबई सुपरफास्ट ट्रेन में 28 जुलाई तक रिजर्वेशन हाउसफुल : अमरावती-मुंबई के अलावा सेवाग्राम एक्सप्रेस, गितांजली एक्सप्रेस, विदर्भ एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों में भी हाउसफुल वाली स्थिति रहने से मुंबई जाने के इच्छुकों को निराश होना पड रहा है. सेवाग्राम एक्सप्रेस में 8 जुलाई को वेटिंग 19 थी. इन सभी गाडियों की जनरल बोगियों में यात्रियों की भारी भीड रहती है. दिव्यांगों के आरक्षित बोगी में दिव्यांगों को बैठने की जगह नहीं मिलती है, जबकि अच्छे-खासे लोगों की भीड दिखाई देती है. कई तो इसमें बिना टिकट के भी आ जाते है. इन बोगियों में न तो टीटी कभी आते है और रेलवे पुलिस का राउंड भी महिने में एखाद बार होता है. अमरावती अथवा बडनेरा से जानेवाली सभी रेलवे गाडियों में आगामी दो सप्ताह तक लगभग यही स्थिति है.
कुछ गाडियों का प्रस्ताव भेजा है : इस बीच नाम नहीं छापने की शर्त पर रेलवे के एक जिम्मेदार अधिकारी ने बताया कि, अमरावती तथा बडनेरा से मुंबई के लिए गाडियों की संभावना है. महानगर यात्री संघ द्वारा कुछ नई गाडियों के प्रस्ताव का ज्ञापन गत दिनों दिया गया था. इसे उन्होंने रेलवे मुख्यालय को भेज दिया है.
नहीं मिल रही कनफर्म टिकट : सीटों में भारी मांग के चलते यात्रियों को कनफर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है और कई लोगों को वेटिंग लिस्ट में ही यात्रा करनी पड रही है. त्यौहारों, छुट्टियों और बढते यातायात दबाव के कारण ट्रेनों में भीडी लगातार बढ रही है. स्थिति यह है कि, इन ट्रेनों में लंबी वेटिंग लिस्ट देखने को मिल रही है. जिससे यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड रहा है. कई बार इसका लाभ मनमाने तरीके से निजी ट्रैवल्स वालों द्वारा उठाया जाता है.





